Advertisement
Advertisement
होम / Kumari Selja: सिरसा के दक्षिण बाइपास को लेकर सांसद कुमारी सैलजा ने नितिन गडकरी को लिखा पत्र

Kumari Selja: सिरसा के दक्षिण बाइपास को लेकर सांसद कुमारी सैलजा ने नितिन गडकरी को लिखा पत्र

BY: • LAST UPDATED : January 30, 2025
Inkhabar Haryana, Kumari Selja: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने सिरसा के दक्षिण बाइपास निर्माण को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर कहा कि इसके निर्माण से एक ओर जहां सिरसा शहर को यातायात जाम से निजात मिलेगी वहीं राजस्थान की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों को आसानी होगी। साथ ही यह बाइपास बाद में जालंधर-तारानगर हाईवे का हिस्सा बन जाएगा।

यातायात जाम से निजात

सांसद कुमारी सैलजा ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि सिरसा शहर की मुख्य सड़कों पर यातायात का अत्यधिक दबाव रहता है। हिसार, बरनाला-डबवाली, बरनाला-मानसा और फतेहाबाद से सिरसा होते हुए राजस्थान के नोहर, भादरा, हनुमानगढ़ और ऐलनाबाद की ओर जाने वाले भारी वाहनों को शहर के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। इससे न केवल ट्रैफिक जाम की समस्या उत्पन्न होती है, बल्कि आम नागरिकों को भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। कई बार एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं के वाहन भी इस जाम में फंस जाते हैं, जिससे मरीजों की जान को खतरा बना रहता है।

2018 में हुई थी बाइपास की घोषणा

कुमारी सैलजा ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि वर्ष 2018 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गांव बाजेकां (सिरसा) से जमाल (सिरसा) तक मिनी बाइपास (साउथ बाइपास) बनाने की घोषणा की थी। इस परियोजना के लिए सरकार ने 10 करोड़ रुपये की राशि भी स्वीकृत की थी, लेकिन अधिकारियों की रिपोर्ट में इस योजना को आगे नहीं बढ़ाया गया, जिससे सिरसा के नागरिकों को अब भी इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

Advertisement

सांसद कुमारी सैलजा की अपील

सांसद कुमारी सैलजा ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से आग्रह किया कि इस परियोजना को पुनः प्रारंभ किया जाए और शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह बाइपास भविष्य में जालंधर-तारानगर हाईवे का भी हिस्सा बनेगा, जिससे क्षेत्रीय और अंतरराज्यीय यातायात को और अधिक सुगमता मिलेगी।