Advertisement
Advertisement
होम / Kumari Selja: ‘किसी न किसी बहाने से जनता की जेब काटने में लगी हुई है भाजपा सरकार’- कुमारी सैलजा

Kumari Selja: ‘किसी न किसी बहाने से जनता की जेब काटने में लगी हुई है भाजपा सरकार’- कुमारी सैलजा

BY: • LAST UPDATED : December 11, 2024
विनोद लांबा, दिल्ली
Inkhabar Haryana, Kumari Selja: महंगाई और वादाखिलाफी के मुद्दे पर केंद्र की भाजपा सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री और सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार लगातार जनविरोधी नीतियां अपनाकर जनता की जेब काट रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनावी वादे करने में माहिर है, लेकिन उन्हें पूरा करना कभी उनकी प्राथमिकता नहीं रही।

भाजपा की नीतियां गरीब विरोधी

कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा में गरीबी रेखा के नीचे जीवन-यापन कर रहे 52 लाख से अधिक परिवारों के लिए आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता में भारी कटौती की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने 11 लाख से अधिक बीपीएल परिवारों की रसोई से सरसों का तेल छीन लिया है। प्रदेश में इस महीने की जरूरत 1,04,01,832 लीटर तेल की थी, लेकिन सरकार केवल 67,48,721 लीटर तेल ही उपलब्ध करवा सकी।

उन्होंने यह भी कहा कि महंगाई ने गरीब और निम्न वर्ग के लोगों की स्थिति और भी दयनीय कर दी है। जहां इन वर्गों को सरकार की मदद की सबसे अधिक आवश्यकता थी, वहां सरकार ने उनकी सहायता को कम कर दिया है।

Advertisement

चुनावी वादों पर सवाल

कुमारी सैलजा ने भाजपा पर चुनावी जुमलों के सहारे जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये और रसोई गैस सिलेंडर 500 रुपये में देने का वादा किया था, लेकिन यह वादा आज तक अधूरा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मंच से बड़े-बड़े वादे किए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर इनमें से कोई भी पूरा नहीं हुआ।

महिलाओं और गरीबों के साथ अन्याय

कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों, किसानों, और महिलाओं को लगातार नजरअंदाज किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों और जरूरतमंदों की थाली पर हमला करना भाजपा की नीतियों का हिस्सा बन चुका है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर भाजपा गरीबों से किस जन्म का बदला ले रही है।

महंगाई के मुद्दे पर बोलते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आम जनता का जीवन मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस के बढ़ते दाम और जरूरी वस्तुओं की कटौती ने गरीबों की स्थिति और खराब कर दी है।

जनता का आह्वान

कुमारी सैलजा ने जनता से अपील करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि भाजपा सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा गरीबों, किसानों और महिलाओं के साथ खड़ी रही है और भाजपा की नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।