




Inkhabar Haryana, Kumari Selja: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री और सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा ने भाजपा सरकार पर किसान और मजदूरों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार उद्योगपतियों के करोड़ों रुपये के कर्ज माफ कर सकती है, लेकिन देश के अन्नदाता और मजदूरों की समस्याओं की तरफ से आंखें मूंद रही है।
Gokul Setia: सिरसा विधायक गोकुल सेतिया का एक्शन मोड, सड़क निर्माण और अतिक्रमण पर सख्त रवैया
कुमारी सैलजा ने कहा कि देश का किसान अपनी मांगों को लेकर धरनारत है, लेकिन सरकार उनकी आवाज सुनने को तैयार नहीं। उन्होंने कहा कि किसानों और मजदूरों की बात सरकार को देर-सवेर सुननी ही होगी। कांग्रेस पार्टी आज भी किसानों के साथ खड़ी है और आगे भी खड़ी रहेगी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा और पंजाब में कानून व्यवस्था का हाल बेहद खराब है। पंजाब के मुख्यमंत्री को मिली जान से मारने की धमकी पर चिंता व्यक्त करते हुए सैलजा ने कहा कि यह गंभीर मामला है। अपराधियों ने कानून की धज्जियां उड़ाई हुई हैं और सरकारें इसे रोकने में पूरी तरह असफल रही हैं।
हरियाणा सरकार की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। सरकारी विभागों में पारदर्शिता का अभाव है और कोई विभाग इससे अछूता नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में करीब दो लाख पद रिक्त पड़े हैं, लेकिन सरकार युवाओं को रोजगार देने में असफल रही है।
सैलजा ने कहा कि सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत आवश्यकताओं की अनदेखी कर रही है। अस्पतालों में डॉक्टर और दवाओं की कमी है। स्कूलों में शिक्षकों और छात्रों की अनुपस्थिति चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि सरकार सरकारी स्कूलों और अस्पतालों पर ध्यान देने के बजाय निजी संस्थानों को बढ़ावा दे रही है।
भाजपा सरकार के सौ दिन के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए सैलजा ने कहा कि यह सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित है। पिछले दस वर्षों के कार्यकाल में भी सरकार जमीनी स्तर पर कोई ठोस काम नहीं कर पाई।
दिल्ली विधानसभा चुनाव पर बोलते हुए सैलजा ने कहा कि भाजपा अब फ्री सुविधाओं की घोषणाएं कर रही है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि दिल्ली में फ्री की राजनीति चल रही है, लेकिन भाजपा हरियाणा में अपने वादे तक पूरे नहीं कर पाई।
कुमारी सैलजा ने कांग्रेस संगठन में सुधार की आवश्यकता को स्वीकारते हुए कहा कि मजबूत संगठन कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह भरता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति को बेहतर बनाने के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे।




