Advertisement
Advertisement
होम / Kumari Selja: “किसानों की मांगों से पल्ला झाड़कर राज्य सरकारों के पाले में गेंद डालना चाहती केंद्र सरकार”– कुमारी सैलजा

Kumari Selja: “किसानों की मांगों से पल्ला झाड़कर राज्य सरकारों के पाले में गेंद डालना चाहती केंद्र सरकार”– कुमारी सैलजा

BY: • LAST UPDATED : January 2, 2025
विनोद लांबा, दिल्ली
Inkhabar Haryana, Kumari Selja: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री और सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि किसानों की समस्याओं के समाधान में केंद्र ने कभी गंभीरता नहीं दिखाई। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार MSP को लेकर अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए राज्य सरकारों के पाले में गेंद डालने की कोशिश कर रही है। कुमारी सैलजा ने स्पष्ट किया कि  का निर्धारण करना और इसे कानूनी दर्जा देना केंद्र की जिम्मेदारी है, जिससे वह भाग नहीं सकती।

किसानों को गुमराह कर रही है केंद्र सरकार

मीडिया को जारी एक बयान में कुमारी सैलजा ने कहा कि केंद्र सरकार शुरू से ही किसानों को गुमराह करती आ रही है। यदि सरकार ने समय रहते किसानों की मांगों पर विचार किया होता, तो अन्नदाताओं को धरनों और अनशन पर बैठने की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने कहा कि देश का किसान आज एमएसपी को कानूनी दर्जा दिलाने के लिए संघर्ष कर रहा है, लेकिन केंद्र सरकार उनकी समस्याओं को अनदेखा कर रही है।

कुमारी सैलजा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार बड़े किसान आंदोलनों को झूठे आश्वासनों के सहारे दबाने की कोशिश करती है, लेकिन अब किसान केंद्र के झांसे में आने वाला नहीं है। उन्होंने कृषि विशेषज्ञों का हवाला देते हुए कहा कि एमएसपी का निर्धारण केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है और इसे कानूनी दर्जा भी केवल केंद्र ही दे सकती है।

राज्य सरकारों पर जिम्मेदारी डालने की कोशिश

कुमारी सैलजा ने कहा कि केंद्र सरकार अब अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए एमएसपी का मुद्दा राज्य सरकारों के हवाले करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने हरियाणा सरकार के संदर्भ में कहा कि अगस्त 2024 में नायब सिंह सैनी की अगुवाई में राज्य सरकार ने 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदने की घोषणा की थी। बाद में 19 दिसंबर को इस संबंध में अधिसूचना भी जारी की गई।

Advertisement

हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा सरकार जिन 24 फसलों की खरीद की बात कर रही है, उनमें से अधिकतर फसलें राज्य में उगाई ही नहीं जातीं। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकार का अपने कार्यों का महिमामंडन करने का प्रयास है।

भाजपा सरकारों पर दोहरे मानदंड का आरोप

कुमारी सैलजा ने कहा कि केंद्र और हरियाणा में भाजपा की सरकारें होने के बावजूद दोनों अलग-अलग बयानबाजी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि MSP के मुद्दे पर भाजपा शासित राज्य सरकारें कांग्रेस शासित राज्यों को निशाना बना रही हैं। लेकिन सच्चाई यह है कि केंद्र सरकार एमएसपी के नाम पर किसानों को उलझाकर अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ रही है।

किसानों का समर्थन जारी रहेगा

कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों के साथ खड़ी रही है और एमएसपी के लिए जारी आंदोलन को पूरा समर्थन देगी। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि वह अपनी जिम्मेदारी निभाए और MSP को कानूनी दर्जा देने की दिशा में ठोस कदम उठाए।