Inkhabar Haryana, Kumari Selja: हरियाणा में भाजपा सरकार के 100 दिन पूरे होने पर विपक्ष ने जमकर निशाना साधा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री और सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने सरकार के कामकाज को विफल बताते हुए कहा कि इस सरकार ने जनता से किए वादों को पूरा करने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने प्रदेश को बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और नशे की समस्या की ओर धकेल दिया है।
भाजपा सरकार का फोकस केवल सुर्खियों में बनानें में
कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने संकल्प पत्र में कई वादे किए थे, जिनमें से एक भी पूरा नहीं हुआ। उन्होंने महिलाओं को 2100 रुपये प्रतिमाह देने के वादे, ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने, और रोजगार सृजन जैसे मुद्दों को उठाते हुए सरकार की आलोचना की।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का फोकस केवल सुर्खियों में बने रहने और झूठे दावे कर जनता को गुमराह करने पर है। पिछले दस साल और हाल के 100 दिनों में सरकार की छवि सिर्फ जुमलेबाज सरकार की बनकर रह गई है।
बढ़ती बेरोजगारी और कमजोर कानून व्यवस्था
कुमारी सैलजा ने प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में डी कैटेगरी की नौकरियां युवाओं को दी जा रही हैं, जबकि ए और बी कैटेगरी की नौकरियां बाहरी राज्यों के लोगों को दी जा रही हैं।
इसके अलावा, कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों का बोलबाला है। उन्होंने गैंगस्टरों की बढ़ती ताकत, सरेआम हत्याएं, चोरी, लूट और रंगदारी की घटनाओं को लेकर सरकार को आड़े हाथ लिया। प्रदेश की कानून व्यवस्था का जनाजा निकल चुका है। लोगों के बीच सुरक्षा का कोई भरोसा नहीं बचा है।
महंगाई और किसानों की समस्याएं
कुमारी सैलजा ने आरोप लगाया कि सरकार बिजली की दरों और कलेक्टर रेट बढ़ाकर जनता की जेब पर डाका डाल रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में बिजली दरें अन्य राज्यों की तुलना में अधिक हैं। वहीं, कलेक्टर रेट बढ़ने से आम आदमी के लिए घर खरीदना या बनाना एक सपना बनकर रह गया है।
उन्होंने किसानों की समस्याओं पर बोलते हुए कहा कि सरकार ने ओलावृष्टि से प्रभावित 85 हजार एकड़ फसलों के मुआवजे का वादा किया था, जिसे अब भुला दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार जिन 24 फसलों पर एमएसपी देने की बात करती है, उनमें से अधिकांश फसलें हरियाणा में उगाई ही नहीं जातीं।
संविधान बचाने की लड़ाई जारी रहेगी
गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कुमारी सैलजा ने स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं को नमन किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान की रक्षा के लिए हमेशा तैयार रहेगी। भाजपा सरकार संविधान को खत्म करने की कोशिश कर रही है, लेकिन कांग्रेस इसे कभी सफल नहीं होने देगी। संविधान बचाने की हमारी जंग जारी है।