Advertisement
Advertisement
होम / Kumari Selja: “बाबा साहेब का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे, जन-जन में जाकर करेंगे भाजपा की जनविरोधी सोच को उजागर”- कुमारी सैलजा

Kumari Selja: “बाबा साहेब का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे, जन-जन में जाकर करेंगे भाजपा की जनविरोधी सोच को उजागर”- कुमारी सैलजा

BY: • LAST UPDATED : December 21, 2024

Inkhabar Haryana, Kumari Selja: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री व सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने भाजपा को दलित विरोधी, किसान विरोधी और नागरिक विरोधी बताते हुए पार्टी की नीतियों को लेकर तीखा हमला किया। कुमारी सैलजा ने शनिवार को कांग्रेस भवन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश और दुनिया की नजरें इस समय हमारी संसद पर टिकी हुई हैं, जहां सत्ता पक्ष लगातार विपक्ष की आवाज़ को दबाने की कोशिश कर रहा है।

संसद में हो रही अव्यवस्था पर कुमारी सैलजा का कटाक्ष

कुमारी सैलजा ने कहा कि विपक्ष का कर्तव्य है कि वह आम जनता के मुद्दे उठाए, लेकिन भाजपा सत्ता के नशे में चूर होकर संसद के सत्र को ही चलने नहीं देती। उन्होंने कहा, “जब भारत स्वतंत्र हुआ, तो संविधान बनाने के लिए एक कमेटी बनाई गई थी, जिसमें कांग्रेस ने सभी दलों को समाहित किया था। यह कांग्रेस की सोच थी कि हर धर्म और समुदाय का प्रतिनिधित्व संविधान निर्माण में होना चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा कि जिस श्यामाप्रसाद मुखर्जी को भाजपा आज अपना नेता मानती है, उसे भी संविधान निर्माण की कमेटी में शामिल किया गया था।

बाबा साहेब अंबेडकर के अपमान पर कुमारी सैलजा का आक्रोश

कुमारी सैलजा ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के प्रति भाजपा के नेतृत्व के अपमान पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में कई ऐसे देश हैं जो कभी गुलाम थे, लेकिन अब लोकतंत्र की दिशा में भारत एक उदाहरण बना हुआ है और इसका श्रेय बाबा साहेब के संविधान को जाता है। उन्होंने कहा कि आज ऐसे महान व्यक्तित्व का मजाक उड़ाया जाना न केवल उनका अपमान है, बल्कि यह पूरे देश का अपमान है।

उन्होंने भाजपा को संविधान के प्रति आदर का अभाव होने का आरोप भी लगाया और कहा कि भाजपा के नेता बार-बार नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी जैसे कांग्रस नेताओं के खिलाफ गलत बयानबाजी करते रहते हैं। कुमारी सैलजा ने यह स्पष्ट किया कि कांग्रेस के नेता संविधान और लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को लेकर हमेशा सच्चे रहे हैं, जबकि भाजपा सत्ता में रहते हुए विपक्ष की आवाज़ को दबाने के प्रयास कर रही है।

किसानों की स्थिति पर भाजपा को घेरते हुए सैलजा

कुमारी सैलजा ने किसानों के मुद्दे पर भी भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों से वादे किए थे, लेकिन उन पर लाठियां बरसाने और उनकी मांगों को नजरअंदाज करने का काम किया। उन्होंने कहा कि  किसानों की हालत बिगड़ती जा रही है, लेकिन सरकार को इसकी कोई चिंता नहीं । सैलजा ने यह भी बताया कि हरियाणा-पंजाब बॉर्डर को भारत-पाकिस्तान बॉर्डर की तरह बना दिया गया है, जो किसानों के लिए अत्यंत कठिन स्थिति उत्पन्न करता है।

बीजेपी का जनविरोधी चेहरा उजागर करने की सैलजा की योजना

कुमारी सैलजा ने यह स्पष्ट किया कि वे भाजपा की जनविरोधी नीतियों का पर्दाफाश करने के लिए गांव-गांव और गली-गली जाएंगी। उन्होंने भाजपा के संविधान विरोधी और जनविरोधी चेहरे को जनता के सामने लाने का संकल्प लिया। बाबा साहेब का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे, जन-जन में जाकर करेंगे भाजपा की जनविरोधी सोच को उजागर। उन्होंने यह भी कहा कि जब संसद में बाबा साहेब के अपमान के विरोध में प्रदर्शन किया, तो सत्ता पक्ष ने कांग्रेस नेताओं के साथ धक्का-मुक्की की, ताकि असल मुद्दों से ध्यान भटकाया जा सके।