Inkhabar Haryana, Kumari Sheilja News: हरियाणा में खाद की कमी और समस्याओं से जूझ रहे किसानों को देखते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव और सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा ने भाजपा सरकार की नीतियों पर गहरी चिंता और आलोचना व्यक्त की। उन्होनें बीजेपी पर कटाक्ष किया कि भाजपा सरकार सिर्फ आश्वासन दे रही है, जबकि किसान गंभीर संकट से जूझ रहे हैं। डीएपी खाद की कमी के कारण गेहूं की बिजाई का लक्ष्य पूरा नहीं हो पा रहा है, वहीं अब यूरिया खाद की भी कमी बढ़ती जा रही है, जिससे किसान पहले से ज्यादा तनाव में हैं।
सरकार ने 40 हजार टन कम डीएपी बांटी
कुमारी सैलजा ने कहा कि पिछले साल की तरह इस बार भी हरियाणा और अन्य राज्यों के किसान डीएपी खाद के संकट से जूझ रहे हैं। हालांकि सरकार दावा करती है कि खाद की कोई कमी नहीं है, लेकिन जब इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब करीब 40 हजार टन डीएपी कम वितरित की गई। डीएपी खाद की आपूर्ति में लगातार कमी ने इस समस्या को और बढ़ा दिया है, जिससे प्रदेश के किसान बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। इस समय गेहूं की बिजाई के सीजन में डीएपी की मांग चरम पर है, लेकिन किसी भी जिले में किसानों को मांग के अनुरूप खाद की आपूर्ति नहीं हो पाई है।
सैलजा ने आगे कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा दिए गए आश्वासनों का भी अब कोई असर नहीं हो रहा है। सरकारी अधिकारियों का मानना है कि समुद्री जहाजों से डीएपी की आपूर्ति में देरी हो रही है, लेकिन सैलजा का मानना है कि यह केवल सरकार की लापरवाही का नतीजा है। उन्होंने यह भी कहा कि अब यूरिया खाद की मांग अधिक है, लेकिन इसकी आपूर्ति भी बाधित हो रही है, जिससे किसानों को और भी अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कुमारी सैलजा ने सरकार से की मांग
सैलजा ने सरकार से मांग की कि खाद्यान्न उत्पादन के लिए आवश्यक खाद का पर्याप्त स्टॉक रखा जाए, ताकि किसानों को समय पर खाद मिल सके और उनके काम में कोई बाधा न आए। इसके साथ ही उन्होंने कृषि अधिकारियों और वैज्ञानिकों से खाद के वैकल्पिक उपायों पर काम करने की भी अपील की, ताकि किसानों को अधिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
सैलजा ने प्रियंका गांधी को ऐतिहासिक जीत पर दी बधाई
कुमारी सैलजा ने प्रियंका गांधी को वायनाड से ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी और कहा कि प्रियंका गांधी का नेतृत्व न केवल वायनाड के लोगों की उम्मीदों को संसद में मजबूती से पेश करेगा बल्कि देश की महिलाओं की आवाज को भी सशक्त करेगा। प्रियंका गांधी के नेतृत्व में महिलाओं को राजनीति के क्षेत्र में अधिक प्रतिनिधित्व मिलेगा और देश के विकास में उनका योगदान महत्वपूर्ण होगा।