Inkhabar Haryana, Mahipal Dhanda on Professor Arrest: हरियाणा के सोनीपत स्थित अशोका यूनिवर्सिटी के सहायक प्रोफेसर अली खान महमूदाबाद की गिरफ्तारी के बाद राज्य भर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। प्रोफेसर पर भारत के सैन्य ऑपरेशन ‘सिंदूर’ की प्रेस ब्रीफिंग में शामिल सैन्य अधिकारियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। इस मामले में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने सख्त रुख अपनाते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है और संकेत दिए हैं कि इस तरह की सोच रखने वालों पर अब कोई रियायत नहीं बरती जाएगी।
गिरफ्तारी से उठे सवाल और बयान
अली खान महमूदाबाद को सोनीपत पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया। उनकी गिरफ्तारी गांव जठेड़ी के सरपंच के बयान के आधार पर की गई, जिसमें प्रोफेसर द्वारा सैन्य अधिकारियों कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को गंभीर माना गया।
मंत्री महिपाल ढांडा ने जताई कड़ी नाराज़गी
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने इस पूरे मामले में तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के जरिए समाज में ज़हर घोलने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। यह वही लोग हैं जिनकी सोच भारत विरोधी रही है और अब वे नई पीढ़ी को गलत दिशा में ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि प्रोफेसर का पारिवारिक इतिहास भी संदिग्ध रहा है। उन्होंने कहा कि जिसकी गिरफ्तारी हुई है, उसके खानदान की जड़ें भी पाकिस्तान से जुड़ी रही हैं। बंटवारे के वक्त उसके दादा मुस्लिम लीग के कैशियर थे। ये लोग पाकिस्तान चले गए थे लेकिन फिर भारत लौटकर बस गए।
“यह अब मोदी का भारत है” — ढांडा
महिपाल ढांडा ने अपने बयान में यह भी स्पष्ट किया कि भारत अब पहले जैसा नहीं रहा। उन्होंने कहा कि अब भारत नरेंद्र मोदी का भारत है। यहां देश के खिलाफ काम करने वाले टिक नहीं सकते। ऐसी सोच और ऐसी कार्यशैली अब ज्यादा दिन छिप नहीं सकती। धीरे-धीरे इन सबका पर्दाफाश हो रहा है। उन्होंने आगे कहा कि प्रोफेसर अली खान राजनीति शास्त्र और इतिहास जैसे संवेदनशील विषय पढ़ाते हैं, और अगर वे अपने विचारों के ज़रिए छात्रों को भड़काने का प्रयास कर रहे थे, तो यह और भी गंभीर मामला है।