Advertisement
Advertisement
होम / Mahipal Dhanda on Rahul Gandhi: “कांग्रेस के सारे घोड़े लचर-पचर हो…”, राहुल गांधी पर जमकर बरसे हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढ़ाडा

Mahipal Dhanda on Rahul Gandhi: “कांग्रेस के सारे घोड़े लचर-पचर हो…”, राहुल गांधी पर जमकर बरसे हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढ़ाडा

BY: • LAST UPDATED : June 6, 2025
Inkhabar Haryana, Mahipal Dhanda on Rahul Gandhi: राहुल गांधी के हरियाणा दौरे को लेकर सियासत गर्म है और इसी क्रम में हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कांग्रेस पार्टी और उसके नेतृत्व पर तीखे शब्दों में निशाना साधा। रोहतक में एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री ढांडा ने कांग्रेस की संगठनात्मक स्थिति, राहुल गांधी की राजनीतिक शैली और केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से बात की।

ढांडा ने कांग्रेस संगठन पर तंज

मंत्री महिपाल ढांडा ने कांग्रेस की आंतरिक गुटबाजी और संगठनात्मक विफलताओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो नेता अपने दल का जिला अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष तक तय नहीं कर पा रहे, वे संगठन को खड़ा और मजबूत कैसे कर पाएंगे? उन्होंने कहा कि जब राष्ट्रीय अध्यक्ष ही स्वतंत्र निर्णय लेने में सक्षम नहीं है, तो जेब में संविधान की प्रति रखने का कोई औचित्य नहीं रह जाता।

ढांडा ने कहा कि कांग्रेस एक-एक जिले में कई प्रभारी नियुक्त कर चुकी है, जिससे उनके खुद के कार्यकर्ता और नेता भ्रम में हैं कि आखिर उनका असली नेता कौन है। यह स्थिति कांग्रेस की आंतरिक अव्यवस्था को दर्शाती है। उन्होंने तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि ऐसे दोहरे चरित्र वाले लोगों के साथ देश का युवा नहीं जुड़ सकता, जो सामने कुछ बोलते हैं और पीछे कुछ और करते हैं।

Advertisement

“तीन तरह के घोड़े” वाले बयान पर पलटवार

राहुल गांधी द्वारा कार्यकर्ताओं को “तीन तरह के घोड़े” कहे जाने पर मंत्री ढांडा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस के सारे घोड़े लचर-पचर हो चुके हैं। पार्टी स्वार्थियों से घिरी है, जहां पद मिलते ही नेता जनता और कार्यकर्ता को भूल जाते हैं।” ढांडा ने कांग्रेस को “खचैड़ा” (बेतरतीब और दिशाहीन गाड़ी) कहकर निशाना साधा और कहा कि इसके सभी घोड़े अपनी-अपनी दिशा में खींचते हैं, यही वजह है कि पार्टी आज खत्म होने की कगार पर है।

ढांडा ने कहा कि महात्मा गांधी ने आज़ादी के बाद कहा था कि अब कांग्रेस को समाप्त कर देना चाहिए। आज देश की जनता ने उसी इच्छा को साकार कर दिया है। उन्होंने भोपाल की एक रैली का हवाला देते हुए बताया कि वहां राहुल गांधी के आगमन के बावजूद मंच पर केवल 500 लोग पहुंचे, जबकि पूरे शहर को पोस्टरों से पाटा गया था।

ऑपरेशन सिंदूर पर विपक्ष की राजनीति गलत

 “ऑपरेशन सिंदूर” पर कांग्रेस द्वारा सवाल उठाने पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेना को फ्री हैंड दिया है और सेना ने दुनिया के सामने अपना पराक्रम दिखाया है। ऐसे में इस पर ओछी राजनीति करना अनुचित है। ढांडा ने कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर आगे बढ़ रहा है।

केंद्र सरकार के 11 साल

शिक्षा मंत्री ने जानकारी दी कि रोहतक लोकसभा क्षेत्र में केंद्र सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों को लेकर एक कार्यशाला आयोजित की गई, जहां सभी मंडलों से कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि मंडल स्तर तक केंद्र सरकार की योजनाओं और कार्यों को पहुंचाया जाएगा ताकि जनता को सरकार के विकास कार्यों की जानकारी मिल सके।

मातृभाषा हिंदी को लेकर सख्ती

हिंदी भाषा को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि उन्होंने शिक्षा विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी सरकारी कार्य हिंदी भाषा में ही होने चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंदी हमारी मातृभाषा है और इसके माध्यम से काम होने से आमजन को भी सरकारी प्रक्रियाएं अच्छी तरह समझ में आती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग अपनी मातृभाषा का विरोध करते हैं, वे गलत हैं और उन्हें आत्ममंथन करना चाहिए।