Inkhabar Haryana, Manesar Municipal Corporation 2025: हरियाणा की राजनीति एक बार फिर नए मोड़ पर है। मानेसर नगर निगम में सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पदों के लिए हुए चुनावों में भाजपा ने विपक्षी खेमे की गैरमौजूदगी का पूरा फायदा उठाते हुए दोनों प्रमुख पद अपने पक्ष में कर लिए। दिलचस्प यह रहा कि ये चुनाव पूरी तरह निर्विरोध रहे, क्योंकि मेयर डॉ. इंद्रजीत कौर और उनके आठ समर्थक पार्षद चुनाव प्रक्रिया में शामिल ही नहीं हुए।
भाजपा की रणनीतिक जीत
इस साल राज्य में हुए 10 नगर निगम चुनावों में मानेसर एकमात्र ऐसी जगह थी जहां भाजपा को करारी शिकस्त मिली थी। यहां से निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. इंद्रजीत कौर ने मेयर पद पर जीत हासिल की थी, जिससे भाजपा की स्थिति कमजोर मानी जा रही थी। लेकिन डिप्टी और सीनियर डिप्टी मेयर पद के जरिए भाजपा ने अब निगम की सत्ता में अहम दखल फिर से बना लिया है।
भाजपा ने वार्ड-12 से निर्दलीय पार्षद प्रवीण यादव को सीनियर डिप्टी मेयर और महिला आरक्षित वार्ड-2 से रीमा दीपक चौहान को डिप्टी मेयर पद के लिए मैदान में उतारा। दिलचस्प बात यह रही कि विपक्ष की ओर से कोई नामांकन दाखिल नहीं हुआ, जिससे दोनों भाजपा समर्थित उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए।
रीमा चौहान का पहला कदम
रीमा दीपक चौहान के लिए यह चुनाव विशेष उपलब्धि लेकर आया। उन्होंने पहली बार पार्षद का चुनाव लड़ा और जीत दर्ज करते हुए सीधे डिप्टी मेयर की कुर्सी तक पहुंच गईं। महिला आरक्षित वार्ड से आने वाली रीमा की यह कामयाबी भाजपा के लिए भी एक मजबूत प्रतीक बन गई है।
डॉ. इंद्रजीत कौर खुद को केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की करीबी बताती हैं, जबकि भाजपा के वरिष्ठ नेता और कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह से उनकी राजनीतिक खींचतान किसी से छुपी नहीं है।