Advertisement
Advertisement
होम / Manmohan Singh: पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर पीएम मोदी सहित इन दिग्गज नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

Manmohan Singh: पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर पीएम मोदी सहित इन दिग्गज नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

BY: • LAST UPDATED : December 27, 2024

Inkhabar Haryana, Manmohan Singh: पूर्व प्रधानमंत्री और महान अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन की खबर से पूरा देश शोक में डूबा हुआ है। डॉ. सिंह ने न केवल भारत को आर्थिक सुधारों की राह पर अग्रसर किया, बल्कि अपने कार्यकाल के दौरान देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई पहचान दिलाई। उनकी सादगी, विद्वता और विनम्रता ने उन्हें एक अद्वितीय नेता बनाया। उनके निधन पर देशभर के नेताओं ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त की और उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनके साथ बिताए पलों को याद किया। उन्होंने X पर लिखा कि डॉ. मनमोहन सिंह जी और मैं उस समय नियमित रूप से बातचीत करते थे जब वे प्रधानमंत्री थे और मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था। हम शासन से संबंधित विभिन्न विषयों पर गहन विचार-विमर्श करते थे। उनकी बुद्धिमत्ता और विनम्रता हमेशा देखने को मिलती थी। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं डॉ. मनमोहन सिंह जी के परिवार, उनके मित्रों और असंख्य प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।

हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी की संवेदना

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने डॉ. सिंह के निधन को अत्यंत दुखद बताते हुए X पर लिखा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन की खबर अत्यंत दुखद है। पंजाब के एक साधारण से गांव से भारत के अर्थशास्त्री और प्रधानमंत्री बनने का सफर उनके समर्पण को दर्शाता है। आपकी सादगी और विद्वता के लिए आपको हमेशा याद किया जाएगा। आपका योगदान देश के विकास में सदैव अविस्मरणीय रहेगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और प्रियजनों को इस कठिन समय में संबल दें।

राहुल गांधी ने जताया शोक

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने डॉ. सिंह को अपना मार्गदर्शक बताते हुए X पर लिखा कि मनमोहन सिंह जी ने बहुत ही बुद्धिमत्ता और ईमानदारी के साथ भारत का नेतृत्व किया। उनकी विनम्रता और अर्थशास्त्र की गहरी समझ ने पूरे देश को प्रेरित किया। श्रीमती कौर और उनके परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। मैंने एक मार्गदर्शक और मित्र खो दिया है। हममें से लाखों लोग जो उनके प्रशंसक थे, उन्हें अत्यंत गर्व के साथ याद करेंगे।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा की श्रद्धांजलि

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर गहरी संवेदना प्रकट की। उन्होंने लिखा कि दुनिया के महान अर्थशास्त्री, भारत में आर्थिक सुधारों के पुरोधा और अपने काम के ज़रिये देश को प्रगति पथ पर आगे बढ़ाकर दुनिया भर में अलग पहचान दिलाने वाले पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन की खबर से मन व्यथित है। उनके जाने से राजनीतिक जगत को अपूरणीय क्षति हुई है, जो निकट भविष्य में भर पाना बेहद मुश्किल है। दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि, परिवारजनों व समर्थकों के प्रति गहरी संवेदनाएं।