




प्रेस कांफ्रेंस के दौरान मोहन लाल बडौली ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली की जनता जानती है कि उनके साथ क्या हुआ है। उन्होंने दावा किया कि आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों में भाजपा जीत दर्ज करेगी और सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि जनता अब झूठे वादों से तंग आ चुकी है और बदलाव चाहती है।
बडोली ने कहा कि हरियाणा में नगर निगम मेयर और नगर परिषद चुनावों के लिए तैयारियां जोरों पर हैं और जल्द ही प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा इन चुनावों में भी मजबूत स्थिति में है और जीत हासिल करेगी। उन्होंने बताया कि हमारी पार्टी हरियाणा के नगर निकाय चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है। प्रत्याशियों की सूची जल्द घोषित की जाएगी और भाजपा इन चुनावों में शानदार प्रदर्शन करेगी।
हाल ही में अमेरिका से भारत लौटे युवाओं के विषय पर उन्होंने कहा कि वे सभी सम्मानित नागरिक हैं और सकुशल भारत लौट आए हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भारत और हरियाणा सरकार ने युवाओं के लिए कई रोजगार योजनाएं शुरू की हैं, जिससे उन्हें अपने ही देश में बेहतर अवसर मिल सकें। साथ ही उन्होंने सलाह दी कि यदि कोई व्यक्ति विदेश जाना चाहता है तो वह कानूनी प्रक्रिया के तहत जाए और सरकार इसके लिए उचित व्यवस्था करेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए भारत और हरियाणा सरकार ने कई योजनाएं चलाई हैं। हम चाहते हैं कि लोग विदेश जाएं, लेकिन लीगल तरीके से जाएं ताकि उन्हें किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
मोहन लाल बडोली ने बताया कि उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ प्रयागराज के त्रिवेणी संगम में महाकुंभ के अवसर पर स्नान किया। उन्होंने कहा कि इस पवित्र अवसर पर हरियाणा और देश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की गई है। महाकुंभ के पावन अवसर पर त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाकर हमने हरियाणा और पूरे देश की समृद्धि की कामना की है।




