Inkhabar Haryana, Mohanlal Badoli News: महाराष्ट्र और अन्य चुनावी नतीजों के बाद भाजपा में खुशी का माहौल है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने लड्डू बांटे, पटाखे फोड़े और ढोल की थाप पर नाचते हुए अपनी खुशी का इजहार किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली भी डांस करते हुए नजर आए और कार्यकर्ताओं के उत्साह को दोगुना किया।
पीएम को दिया जीत का श्रेय
मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की सफलता का प्रतीक है। इस परिणाम से आगामी चुनावों पर सकारात्मक असर पड़ेगा। यह कांग्रेस मुक्त भारत की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने यह भी कहा कि यह नए भारत के निर्माण की दिशा में एक और मील का पत्थर है और प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा जनभावनाओं का सम्मान किया है।
बडौली ने आगे कहा कि मतदाताओं ने इस बार लोकतंत्र को और मजबूत करने का काम किया है। चुनावी नतीजे यह स्पष्ट करते हैं कि जनता ने भाजपा की नीतियों पर विश्वास जताया है।
कांग्रेस पर किया कटाक्ष
उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि जब भी कांग्रेस हारती है, वह अपनी हार का ठीकरा हमेशा ईवीएम पर फोड़ देती है। यह कांग्रेस की आदत बन गई है कि वे सुर्खियों में बने रहने के लिए हमेशा इस तरह के बयान देते हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि यह चुनावी परिणाम भाजपा की नीतियों और प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता का प्रमाण है, और आने वाले दिनों में यह भाजपा के पक्ष में और मजबूत साबित होगा।