Advertisement
Advertisement
होम / Mohanlal Badoli on Rahul Gandhi: “वोट घटती-बढ़ती…”, मोहन लाल बडौली ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर साधा निशाना, मतदाता सूची संशोधन का किया समर्थन

Mohanlal Badoli on Rahul Gandhi: “वोट घटती-बढ़ती…”, मोहन लाल बडौली ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर साधा निशाना, मतदाता सूची संशोधन का किया समर्थन

BY: • LAST UPDATED : August 13, 2025
Inkhabar Haryana, Mohanlal Badoli on Rahul Gandhi: हरियाणा की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग और मतदाता सूची पर उठाए गए सवालों के जवाब में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने राहुल गांधी के बयानों को “ज्ञान की कमी और भ्रामक राजनीति का परिणाम” बताते हुए कहा कि कांग्रेस को इस मुद्दे पर भ्रम फैलाने के बजाय सच्चाई को स्वीकार करना चाहिए।

राहुल गांधी पर सीधा वार

मोहन लाल बडौली ने कहा कि राहुल गांधी को यह पता ही नहीं है कि क्या बोलना चाहिए और क्या नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रामक बातें फैलाना और झूठ बोलना कांग्रेस नेताओं और खासतौर पर राहुल गांधी की आदत बन चुकी है। वोट घटती-बढ़ती रहती है, यह एक सामान्य प्रक्रिया है, इसमें किसी को संदेह नहीं करना चाहिए।

मतदाता सूची संशोधन का स्वागत

प्रदेश अध्यक्ष ने चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची में संशोधन की पहल का स्वागत किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया से मृतकों के नाम और उन लोगों के नाम हटेंगे जो अपने पते पर नहीं रहते हैं। हरियाणा में बड़ी संख्या में प्रवासी लोग रहते हैं, जो यहां वोट बनवाने के बाद अपने मूल राज्यों में लौट जाते हैं। ऐसे मामलों में उनके नाम का कटना स्वाभाविक है और इससे चुनावी पारदर्शिता बढ़ेगी।

Advertisement

आंकड़ों से दिया जवाब

बडौली ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए आंकड़े भी पेश किए। उन्होंने बताया कि 2004 से 2014 तक हरियाणा में वोटर संख्या में 4.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी, जबकि 2014 से 2025 तक भाजपा शासन में यह बढ़ोतरी 4.4 प्रतिशत रही। यह महज 0.3 प्रतिशत का अंतर है, जो यह साबित करता है कि वोट घटने-बढ़ने की प्रक्रिया पूरी तरह सामान्य है।

कांग्रेस को दे डाली सलाह

मोहन लाल बडौली ने कांग्रेस को मतदाता सूची में संशोधन का स्वागत करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि 2029 में परिसीमन होगा, जिसके तहत बूथों का स्थान बदलेगा और नई विधानसभा सीटें बनेंगी।परिसीमन से पहले कांग्रेस द्वारा इस तरह का माहौल बनाना और चुनाव आयोग पर वोट चोरी का आरोप लगाना दुर्भाग्यपूर्ण और लोकतांत्रिक मर्यादा के विपरीत है।

जनता के फैसले का सम्मान

अंत में उन्होंने जोर देकर कहा कि देश और हरियाणा की जनता ने लोकतांत्रिक मर्यादा में रहते हुए भाजपा की सरकार बनाई है। राहुल गांधी और कांग्रेस के नेताओं द्वारा की जा रही बयानबाजी और प्रदर्शन निंदनीय हैं। जनता ने भाजपा को चुना है और हम उसी भरोसे पर खरे उतरते रहेंगे।