Inkhabar Haryana, Naina Chautala on Manisha Case: हरियाणा के चरखी दादरी जिले के बाढड़ा कस्बे में आज जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) नेत्री और पूर्व विधायक नैना चौटाला ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मनीषा मौत मामले को लेकर हरियाणा सरकार पर कड़े सवाल उठाए और प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर चिंताएं जताईं।
सरकार पर गुनहगारों को बचाने का आरोप
नैना चौटाला ने आरोप लगाया कि हरियाणा सरकार इस पूरे मामले को दबाने की कोशिश कर रही है और गुनहगारों को बचाने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि मनीषा की रहस्यमयी मौत के पीछे कोई न कोई गहरा राज छिपा हुआ है, लेकिन सच सामने लाने वालों को दबाने का काम हो रहा है। उन्होंने मनीषा के पोस्टमार्टम को लेकर भी सवाल खड़े किए। उनका कहना था कि बच्चों के डॉक्टरों से मनीषा का पोस्टमार्टम करवा दिया गया। ऐसे में परिवार और समाज इस जांच पर कैसे भरोसा करे? उन्होंने इस पूरे मामले की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच की मांग की।
“कुत्तों के लिए आदेश, बेटियों के लिए चुप्पी”- नैना
सरकार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में कुत्तों के लिए तो आदेश निकल जाते हैं, लेकिन बेटियों की सुरक्षा को लेकर सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंगती। उन्होंने कहा कि हर दिन एक बेटी की इज्जत लूटी जा रही है और सरकार आंखें मूंदे बैठी है।
“राजनीतिक दबाव के बिना नहीं मिलेगा न्याय”- नैना
मनीषा के पिता द्वारा राजनीति में उतरने के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए नैना चौटाला ने कहा कि न्याय दिलाने के लिए राजनीति ज़रूरी हो जाती है, क्योंकि बिना राजनीतिक दबाव के यह सरकार किसी भी स्तर पर न्याय नहीं करेगी। नैना चौटाला ने स्पष्ट कहा कि इस मामले में राजनीति नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई की ज़रूरत है। उन्होंने कहा कि मनीषा मौत रहस्य बनकर रह गई है और सरकार इस मामले में कोई भी गंभीर कदम उठाने से बच रही है।