Inkhabar Haryana, Naina Chautala on Manisha Death Case: भिवानी जिले की 19 वर्षीय शिक्षिका मनीषा मौत का मामला लगातार राजनीतिक गलियारों में गूंज रहा है। प्रदेश की कानून व्यवस्था और जांच एजेंसियों पर सवाल उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार देर शाम जेजेपी नेत्री एवं पूर्व विधायक नैना चौटाला भिवानी के ढाणी लक्ष्मन गांव पहुंचीं और मनीषा के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने सरकार और पुलिस तंत्र पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि बेटियों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
परिजनों से मुलाकात
नैना चौटाला सबसे पहले मनीषा के घर पहुंचीं और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जेजेपी पार्टी हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है और न्याय की लड़ाई में परिवार अकेला नहीं है। उन्होंने कहा कि मनीषा का भविष्य उज्ज्वल था, लेकिन अफसोस की बात है कि उसकी जिंदगी समय से पहले ही समाप्त कर दी गई।
कानून व्यवस्था पर सवाल
परिजनों से मिलने के बाद नैना चौटाला मीडिया से रूबरू हुईं। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर कड़े सवाल खड़े किए। उनका कहना था कि नायब सरकार में पुलिस तंत्र पूरी तरह फैल हो चुका है। यदि कानून व्यवस्था पर सरकार की पकड़ मजबूत होती, तो बेटियों को खेतों में मारकर फेंकने जैसी घटनाएं बार-बार सामने नहीं आतीं। उन्होंने कहा कि यह घटना केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि पूरे समाज और सिस्टम पर सवाल है।
अफ़वाहों और जांच पर टिप्पणी
नैना चौटाला ने आगे कहा कि मनीषा मामले में कई अफ़वाहें फैलीं, जिससे स्थिति और बिगड़ी। उन्होंने रोहतक पीजीआई की पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर भी सवाल उठाए और कहा कि यदि सीबीआई निष्पक्ष और गहराई से जांच करेगी, तो सच्चाई ज़रूर सामने आएगी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अब जांच भी होगी और फैसला भी आ जाएगा, लेकिन मनीषा कभी वापस नहीं आएगी।