होम / Naveen Jindal: “हर घर पर राष्ट्रीय ध्वज हो इसके लिए हमने एक लंबी लड़ाई लड़ी”- सांसद नवीन जिंदल

Naveen Jindal: “हर घर पर राष्ट्रीय ध्वज हो इसके लिए हमने एक लंबी लड़ाई लड़ी”- सांसद नवीन जिंदल

BY: • LAST UPDATED : January 23, 2025
Inkhabar Haryana, Naveen Jindal: कुरुक्षेत्र से लोकसभा सांसद और प्रसिद्ध उद्योगपति नवीन जिंदल ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और भारत के विकास को लेकर अपने विचार साझा किए। उन्होंने तिरंगे को हर घर तक पहुंचाने के लिए अपनी लंबी कानूनी लड़ाई और प्रयासों पर प्रकाश डाला। साथ ही, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की “हर घर तिरंगा” मुहिम की सराहना करते हुए इसे देश की एकता और जागरूकता का प्रतीक बताया।

तिरंगे के लिए लंबी लड़ाई

नवीन जिंदल ने कहा कि एक समय था जब आम नागरिक को अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने की अनुमति नहीं थी। इसके लिए मुझे अदालतों के चक्कर लगाने पड़े और मुकदमे झेलने पड़े। लेकिन अब यह सपना साकार हुआ है। हर घर तिरंगा अभियान ने राष्ट्रीय ध्वज को एक नई पहचान और सम्मान दिया है।

उन्होंने यह भी बताया कि वे “मेरा धागा, मेरा तिरंगा, मेरा देश” अभियान चला रहे हैं, जिसमें लाखों लोगों से धागे इकट्ठा किए जा रहे हैं। इन धागों से बने राष्ट्रीय ध्वज प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को सौंपे जाएंगे।

2047 तक विकसित भारत का संकल्प

बजट सत्र को लेकर उन्होंने कहा कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि महिला और युवाओं की भागीदारी देश निर्माण में अहम है। इस बार देश 76वें गणतंत्र दिवस का जश्न मनाएगा, जो हमारे संविधान को अपनाए हुए 75 वर्ष पूरे होने का प्रतीक है।

संविधान और विपक्ष पर हमला

नवीन जिंदल ने विपक्षी दलों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि संविधान खतरे में जैसी बातें करके विपक्ष केवल अपनी राजनीतिक रोटी सेकता है। संविधान की कॉपी लेकर घूमने और संसद में हंगामा करने से संविधान की रक्षा नहीं होती। जनता देख रही है कि संविधान का अपमान कौन कर रहा है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि हरियाणा के सोनीपत में देश का पहला संविधान संग्रहालय बनाया जा रहा है, जो संविधान की शिक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देगा।

दिल्ली चुनाव पर बयान

दिल्ली चुनाव पर बात करते हुए जिंदल ने कहा कि दिल्ली और हरियाणा में अब कोई खास अंतर नहीं है। उन्होंने विश्वास जताया कि दिल्ली में भी बीजेपी की जीत होगी। उन्होंने अरविंद केजरीवाल की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आप सरकार ने सिर्फ केंद्र सरकार पर आरोप लगाने और कमियां निकालने का काम किया। कोई ठोस विकास नहीं किया गया। अब दिल्ली के लोग भी डबल इंजन की बीजेपी सरकार चाहते हैं।