Advertisement
Advertisement
होम / Poison in Yamuna: “केजरीवाल ने अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए प्रोपेगेंडा तैयार किया “- सीएम नायब सैनी

Poison in Yamuna: “केजरीवाल ने अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए प्रोपेगेंडा तैयार किया “- सीएम नायब सैनी

BY: • LAST UPDATED : February 1, 2025
Inkhabar Haryana, Poison in Yamuna: दिल्ली में यमुना नदी के जल प्रदूषण को लेकर चल रहे विवाद पर हरियाणा के सीएम नायब सिंह ने अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला है। इंडिया न्यूज़ हरियाणा से खास बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि केजरीवाल अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए झूठे प्रोपेगेंडा का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार ने बीते 10 वर्षों में यमुना की सफाई के नाम पर जनता को केवल गुमराह किया है।

हरियाणा पर लगाए गए आरोपों को कभी माफ नहीं किया जाएगा

सीएम नायब सिंह ने कहा कि केजरीवाल ने 10 साल पहले दिल्ली के लोगों से यमुना के पानी को स्वच्छ करने का वादा किया था और इसी वादे पर वोट हासिल किए थे। लेकिन आज भी यमुना का पानी प्रदूषित है और दिल्ली सरकार इस पर ध्यान देने के बजाय हरियाणा पर झूठे आरोप लगा रही है। उन्होंने साफ कहा कि जिस माटी में जन्म लिया, उसी माटी को केजरीवाल ने कलंकित कर दिया। हरियाणा के लोग इस घिनौने आरोप को कभी माफ नहीं करेंगे।

केजरीवाल को दिया खुला चैलेंज

नायब सिंह ने केजरीवाल को चुनौती देते हुए कहा कि अगर वे वास्तव में यमुना को स्वच्छ करने में सफल रहे हैं, तो वे उस पानी में उतरकर दिखाएं। उन्होंने कहा कि इसी यमुना में गणेश मूर्ति का विसर्जन होता है और छठ पूजा भी होती है। अगर पानी स्वच्छ है तो केजरीवाल इस यमुना में नहाकर दिखाएं।

Advertisement

सीएम ने अपनी ओर से प्रमाण देते हुए कहा कि वे पल्ला घाट का पानी पीकर आए हैं और वजीराबाद के पानी की स्थिति भी उन्होंने खुद देखी है। उनके अनुसार, पल्ला घाट का पानी पूरी तरह से स्वच्छ है और उसमें अमोनिया का स्तर 0% है। इसके विपरीत, वजीराबाद का पानी अत्यधिक प्रदूषित है, जिसका जिम्मेदार केवल और केवल दिल्ली सरकार है।

केजरीवाल पर मुकदमा दर्ज हो चुका है

सीएम ने कहा कि केजरीवाल उन पर झूठे आरोप लगाने की बात करते हैं, लेकिन असल में मुकदमा तो खुद उनके खिलाफ दर्ज हो चुका है। उन्होंने कहा कि “केजरीवाल को अब कोर्ट में जवाब देना पड़ेगा। अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए मेरी वीडियो को काटकर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया गया है, लेकिन दिल्ली की जनता इस बार 5 फरवरी को इसका करारा जवाब देगी।”

नायब सिंह ने दिल्ली सरकार की विफलताओं को उजागर करते हुए कहा कि केजरीवाल ने नहर के पानी को साफ करने के लिए बनाए गए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) की क्षमता बढ़ाने के बजाय उसकी सफाई तक नहीं करवाई। उन्होंने केजरीवाल को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर आपकी सरकार ने यमुना को साफ किया है, तो हम दोनों साथ चलते हैं। मैं पल्ला घाट का पानी पीकर दिखाऊंगा और आप वहां से जहां आप दावा कर रहे हैं, पानी पीकर या नहाकर दिखाएं।

5 फरवरी को जनता देगी केजरीवाल को जवाब

सीएम नायब सिंह ने कहा कि केजरीवाल अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए हरियाणा सरकार पर झूठे आरोप लगा रहे हैं, लेकिन अब जनता इस झूठ को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता 5 फरवरी को मतदान के जरिए केजरीवाल को उनके झूठे वादों का करारा जवाब देगी।