Inkhabar Haryana, Rahul Gandhi Haryana visit: हरियाणा कांग्रेस में लंबे समय से संगठनात्मक गतिरोध, गुटबाजी और नेतृत्व के अभाव के चलते पार्टी एक ठहराव की स्थिति में है। प्रदेश में विधानसभा चुनाव के सात महीने बीत जाने के बावजूद आज तक नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति नहीं हो सकी है। संगठन का पुनर्गठन भी 11 वर्षों से लंबित है। ऐसे में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बुधवार, 4 जून को चंडीगढ़ पहुंचकर हरियाणा कांग्रेस के संगठन विस्तार को लेकर नया रोडमैप तय करने जा रहे हैं। उनका यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।
सुबह 11:10 बजे तक पहुचेंगे चंडीगढ़
राहुल गांधी बुधवार को सुबह 11:10 बजे चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर पहुंचे। यहां उनका स्वागत हरियाणा कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद और प्रदेशाध्यक्ष चौधरी उदयभान के नेतृत्व में किया गया। एयरपोर्ट से सीधे वह सेक्टर-9 स्थित हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (HPCC) कार्यालय के लिए रवाना हुए। जिसके बाद दोपहर ठीक 12 बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। यहां उनका भव्य स्वागत किया गया। उनके साथ-साथ पार्टी के शीर्ष नेता और संगठनात्मक पदाधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यालय में राहुल का आगमन कांग्रेस के भीतर उम्मीदों की एक नई किरण के रूप में देखा जा रहा है।
वरिष्ठ नेताओं के साथ अहम बैठक
राहुल गांधी ने दोपहर 12:15 बजे से हरियाणा कांग्रेस के 17 वरिष्ठ नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इसमें प्रमुख रूप से हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी उदयभान, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सिरसा से सांसद और एआईसीसी महासचिव कुमारी सैलजा, राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला, रोहतक से सांसद दीपेंद्र हुड्डा, पूर्व मंत्री किरण चौधरी, कुलदीप शर्मा और अजय यादव जैसे नेता शामिल रहे।
बैठक का उद्देश्य केवल संगठन विस्तार नहीं बल्कि पार्टी के भीतर चल रही खींचतान, गुटबाजी और कार्यकर्ताओं के मनोबल को फिर से मजबूत करना भी रहा। राहुल ने हर नेता से जिलेवार फीडबैक लिया और आगामी पंचायत व निकाय चुनावों की रणनीति पर भी चर्चा की।
केंद्रीय पर्यवेक्षकों और जिला फीडबैक टीम के साथ बैठक
इसके बाद राहुल गांधी ने संगठन विस्तार के लिए नियुक्त केंद्रीय पर्यवेक्षकों और हर जिले में फीडबैक लेने के लिए तैनात प्रदेशस्तरीय नेताओं से मुलाकात की। इस बैठक में उन्होंने विस्तार से फीडबैक रिपोर्ट्स पर चर्चा की और सुझावों को ध्यान में रखते हुए दिशा-निर्देश जारी किए। राहुल ने स्पष्ट संकेत दिए कि संगठन विस्तार अब और नहीं टलेगा तथा जल्द ही हर जिले में नई नियुक्तियों और कार्यकारिणियों की घोषणा की जाएगी। सभी औपचारिकताओं और बैठकों के बाद राहुल गांधी शाम 4:15 बजे चंडीगढ़ एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए। उनका यह दौरा केवल एक रस्म अदायगी नहीं बल्कि हरियाणा कांग्रेस को नए सिरे से सक्रिय करने की एक ठोस कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।