




Inkhabar Haryana, Rajesh Nagar: फरीदाबाद के मोठूका गांव में कूड़ा प्लांट के खिलाफ धरना दे रहे लोगों से मुलाकात करते हुए राज्य मंत्री राजेश नागर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वह इस परियोजना के लिए कहीं और उपयुक्त स्थान की संभावना तलाशें। मंत्री नागर ने एनटीपीसी और नगर निगम के अधिकारियों के साथ मिलकर एक प्रजेंटेशन के माध्यम से स्थानीय लोगों को यह आश्वासन दिया कि यदि कोई प्रदूषण नहीं होता है, तो इस परियोजना से क्षेत्र को कोई नुकसान नहीं होगा।

राजेश नागर ने अधिकारियों से की बात
एनटीपीसी और नगर निगम अधिकारियों ने इस प्रजेंटेशन में यह बताया कि यह कूड़ा प्लांट किस तरह से बिना किसी प्रदूषण के कार्य करेगा और इससे इलाके में किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी। लेकिन मंत्री ने लोगों के विचारों का सम्मान करते हुए, अधिकारियों को अन्य स्थानों पर प्लांट लगाने की संभावनाओं पर विचार करने के लिए निर्देश दिए।
मंत्री ने सीएम नायब सिंह सैनी का उल्लेख करते हुए कहा कि वह जनहित में निर्णय लेने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस मामले में भी जनता के हित में उचित निर्णय लिया जाएगा। साथ ही, अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि अगर किसी अन्य स्थान पर उपयुक्त जमीन मिलती है, तो वहां कूड़ा प्लांट स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इस अवसर पर नगर निगम फरीदाबाद के संयुक्त आयुक्त गौरव अंतिल, संयुक्त आयुक्त द्विजा, एनटीपीसी जीएम अमित कुलश्रेष्ठ, झज्जर प्लांट एजीएम विनय मलिक, निगम एसई ओमबीर, एक्सईएन पद्म भूषण, और एसटीपी डीएस ढिल्लो सहित कई अधिकारी भी मौजूद थे।




