Inkhabar Haryana, Ranbir gangwa on Rahul Gandhi: चंडीगढ़ में कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा मतदाता सूची में गड़बड़ी और ‘वोट चोरी’ के आरोप लगाए जाने के बाद, हरियाणा के कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को बिना तथ्य के बयान देने से बचना चाहिए और यदि उनके पास कोई ठोस प्रमाण है, तो उन्हें शपथ पत्र और सबूतों के साथ चुनाव आयोग के पास जाना चाहिए।
राहुल गांधी के आरोप गलत- गंगवा
गंगवा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राहुल गांधी के आरोप पूरी तरह गलत और भ्रामक हैं। उन्होंने कांग्रेस की वर्तमान स्थिति पर कटाक्ष करते हुए पार्टी को नेता विहीन और गुटों में बंटी हुई बताया। उनके अनुसार, हरियाणा में कांग्रेस का संगठन भले ही बन जाए, लेकिन वह प्रभावी ढंग से काम करने की स्थिति में नहीं है।
कांग्रेस पर कसा तंज
कैबिनेट मंत्री ने यह भी याद दिलाया कि कांग्रेस ने पहले इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में गड़बड़ी का मुद्दा उठाया था और अब वोट चोरी का नया आरोप लगा रही है। गंगवा के मुताबिक, यह कांग्रेस की जनता के बीच कमजोर होती पकड़ और भरोसे के खत्म होने का प्रमाण है। इस दौरान रणबीर गंगवा ने हाई पावर परचेज कमेटी की आज हुई बैठक का भी जिक्र किया, लेकिन मुख्य फोकस राहुल गांधी के आरोपों पर ही रहा। उन्होंने दोहराया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में आरोपों के साथ तथ्य और प्रमाण होना अनिवार्य है, अन्यथा यह केवल राजनीतिक भ्रम पैदा करने का प्रयास माना जाएगा।