Advertisement
Advertisement
होम / Ranbir Gangwa: “नायब सरकार ने 100 दिनों के भीतर कई नए प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया, साथ नए टेंडर भी किए” – मंत्री रणबीर गंगवा

Ranbir Gangwa: “नायब सरकार ने 100 दिनों के भीतर कई नए प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया, साथ नए टेंडर भी किए” – मंत्री रणबीर गंगवा

BY: • LAST UPDATED : January 24, 2025

Inkhabar Haryana, Ranbir Gangwa: हरियाणा के कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने नायब सरकार के 100 दिनों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि इस अवधि में कई बड़े प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन हुआ और नए टेंडर जारी किए गए। गंगवा ने कहा कि प्रदेश की सड़कों, जल आपूर्ति और ग्रामीण विकास में निरंतर सुधार किया जा रहा है। उन्होंने विपक्ष पर भी तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस को आत्ममंथन करने की जरूरत है, क्योंकि वह जनता की आवाज उठाने में पूरी तरह नाकाम रही है।

100 दिनों में हुए प्रमुख कार्य

मंत्री रणबीर गंगवा ने सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि PWD के पास 30,152 किलोमीटर सड़कों का नेटवर्क है, जिनमें सुधार का काम लगातार चल रहा है। पैच वर्क से लेकर सड़कों पर सफेद पट्टी लगाने तक, हर काम को प्राथमिकता से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पब्लिक हेल्थ के तहत नए वॉटर बॉक्स बनाने का काम शुरू हुआ है।

गंगवा ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत सरकार ने कई योजनाएं लागू की हैं। 10,000 से अधिक आबादी वाले गांवों को “महाग्राम” में बदलने की दिशा में काम हो रहा है, ताकि उन्हें शहरों की तर्ज पर विकसित किया जा सके। यह ग्रामीण क्षेत्रों को शहरी सुविधाएं देने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Advertisement

विपक्ष पर तीखा हमला

विपक्ष द्वारा 100 दिनों की उपलब्धियों को नकारने पर गंगवा ने कहा कि कांग्रेस को अपने कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों का आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर क्षेत्रवाद और युवाओं के साथ धोखा करने का आरोप लगाया।

गंगवा ने कहा कि दुर्भाग्य है कि हरियाणा को ऐसा विपक्ष मिला है, जो गुटों में बंटा हुआ है और जनता की आवाज उठाने में पूरी तरह विफल है। यही कारण है कि विपक्ष धीरे-धीरे खत्म होता जा रहा है।

भ्रष्टाचार पर सख्त सरकार

रणबीर गंगवा ने भाजपा सरकार को “जीरो टॉलरेंस” वाली सरकार बताया। उन्होंने कहा कि जो भी अधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दिल्ली चुनाव और कांग्रेस पर कटाक्ष

दिल्ली चुनावों पर बोलते हुए गंगवा ने कहा कि इस बार दिल्ली में डबल इंजन की सरकार बनेगी। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके नेता आज बेल पर हैं और दिल्ली की जनता अब सब जान चुकी है।कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची से भूपेंद्र हुड्डा का नाम गायब होने पर गंगवा ने तंज कसते हुए कहा कि यह कांग्रेस का अंदरूनी मामला है। उन्होंने कहा कि शायद हुड्डा साहब बुजुर्ग हो चुके हैं, इसलिए उन्हें आराम दिया गया हो।

कांग्रेस के गुटबाजी पर हमला

गंगवा ने कहा कि हरियाणा कांग्रेस इस समय अलग-अलग गुटों में बंटी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष तक नहीं चुन पा रही है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष सरकार के गठन के समय ही चुना जाता है, लेकिन अब बजट सत्र आने वाला है और कांग्रेस में अब तक नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति नहीं हो पाई है।