




Inkhabar Haryana, Randeep Singh Surjewala: हरियाणा के किसानों की दुर्दशा पर कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कड़ा रुख अपनाया है। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक ट्वीट के जरिए किसानों की समस्याओं को उजागर किया। उन्होंने फसलों की उचित कीमत (MSP) न मिलने और पाले की बारिश व ओलावृष्टि से किसानों पर आई आपदा के लिए सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया।
हरियाणा के किसान लंबे समय से न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की मांग कर रहे हैं। उचित मूल्य न मिलने के कारण वे अपनी मेहनत का सही लाभ नहीं उठा पा रहे। सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियां किसानों को उनके अधिकारों से वंचित कर रही हैं। फसलों की सही कीमत न मिलने से किसान मजबूर होकर आमरण अनशन और प्रदर्शन कर रहे हैं।
फसलों की MSP नहीं, सरकार का अत्याचार..
ऊपर से किसानों पर बारिश व ओलावृष्टि की मार !Advertisement▪️फसलों की उचित कीमत ना मिलने से हरियाणा में आमरण अनशन करने को मजबूर किसान,
भाजपा के जुल्म और अत्याचार से लड़ ही रहे हैं.. मगर अब उन पर आसमान से भी आफ़त बरसा है !
▪️पाले की बारिश और ओलावृष्टि… pic.twitter.com/m394RBtzAU
— Randeep Singh Surjewala (@rssurjewala) December 28, 2024
रणदीप सिंह सुरजेवाला ने अपने ट्वीट में हाल ही में हुई पाले की बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान का भी उल्लेख किया। इस आपदा ने गेहूं, सरसों और सब्जियों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद हो गई हैं, और मंडियों में रखी धान की बोरियां भी बारिश में गीली हो गई हैं। इसने किसानों को आर्थिक संकट में डाल दिया है।
सुरजेवाला ने भाजपा सरकार से किसानों को तत्काल राहत देने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को आकलन और सर्वे के जाल में उलझाने के बजाय उन्हें सीधे ₹7,500 प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा दे। उनका कहना है कि यह राहत राशि किसानों के नुकसान की भरपाई के लिए जरूरी है।
सुरजेवाला ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के इस दौर में भी सरकार त्वरित और ठोस कदम उठाने में असफल रही है। किसानों की दुर्दशा को देखते हुए सरकार को फसल बीमा योजना और आपदा राहत कोष के तहत जल्द से जल्द मदद पहुंचानी चाहिए।




