Advertisement
Advertisement
होम / Ranjit Singh Gill: BJP में एंट्री, अगले ही दिन विजिलेंस की रेड, रणजीत सिंह गिल पर कार्रवाई महज संयोग या कुछ और?

Ranjit Singh Gill: BJP में एंट्री, अगले ही दिन विजिलेंस की रेड, रणजीत सिंह गिल पर कार्रवाई महज संयोग या कुछ और?

BY: • LAST UPDATED : August 2, 2025

Inkhabar Haryana, Ranjit Singh Gill: पंजाब की राजनीति में एक बार फिर उथल-पुथल देखने को मिली है। शिरोमणि अकाली दल (SAD) के पूर्व नेता और खरड़ क्षेत्र के प्रमुख रियल एस्टेट कारोबारी रणजीत सिंह गिल के ठिकानों पर शनिवार सुबह पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने छापेमारी की। यह छापा ऐसे समय में पड़ा है, जब महज एक दिन पहले यानी शुक्रवार को गिल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थामा था। उनकी भाजपा में एंट्री खुद हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने अपने चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास पर कराई थी।

रणजीत सिंह गिल का राजनीतिक सफर

रणजीत सिंह गिल का नाम पंजाब की राजनीति और प्रॉपर्टी कारोबार, दोनों क्षेत्रों में जाना-पहचाना है। वे कभी अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल के बेहद करीबी माने जाते थे। 2017 और 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में उन्होंने खरड़ सीट से शिरोमणि अकाली दल के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन जीत दर्ज नहीं कर सके।

हाल ही में उन्होंने SAD की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर पार्टी से नाता तोड़ा और राष्ट्रीय राजनीति में नई पारी की शुरुआत के लिए भाजपा का रुख किया। भाजपा में शामिल होते ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा की नीतियों में गहरी आस्था जताई।

Advertisement

भाजपा में शामिल होने के ठीक बाद विजिलेंस की कार्रवाई

भाजपा में शामिल होने के कुछ ही घंटों बाद, शनिवार सुबह पंजाब विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने गिल के चंडीगढ़ स्थित आवास पर छापा मारा। सूत्रों के मुताबिक, गिल से जुड़े कई कारोबारी दस्तावेजों और फाइनेंशियल रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। हालांकि, इस छापेमारी को लेकर विजिलेंस ब्यूरो की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

राजनीतिक गलियारों में इस छापे को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं। कुछ इसे गिल की भाजपा में एंट्री से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ का मानना है कि यह छापा पहले से निर्धारित कार्रवाई का हिस्सा हो सकता है। लेकिन यह संयोग किसी सधी हुई स्क्रिप्ट से कम नहीं लग रहा।

सैनी की पोस्ट ने दिए संकेत

हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने रणजीत सिंह गिल को भाजपा में शामिल करवाने के बाद सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि पंजाब की जनता बदलाव चाहती है। 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनना तय है। रणजीत सिंह गिल जैसे ज़मीनी नेताओं का जुड़ना इस विश्वास को और मजबूत करता है। भाजपा आने वाले चुनाव में पंजाब में अपनी जड़ें जमाने की कोशिशों में लगी है और गिल जैसे प्रभावशाली नेताओं को पार्टी में लाकर राज्य में अपना नेटवर्क मजबूत कर रही है।