




Inkhabar Haryana, Setia Praised CM Saini: हरियाणा के CM नायब सैनी ने गुरुवार को सिरसा में मेडिकल कॉलेज का भूमि पूजन किया था। इस अवसर पर सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया भी मंच पर मौजूद रहे और उन्होंने सीएम सैनी की तारीफ करते हुए एक बयान दिया। बीजेपी ने इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें विधायक गोकुल सेतिया मुख्यमंत्री के प्रति अपनी प्रशंसा व्यक्त करते हुए नजर आए। बीजेपी ने इस वीडियो के साथ एक कैप्शन लिखा, “कांग्रेस विधायक भी हो रहे नायब जी के कसूते फैन”।
कांग्रेस विधायक भी हो रहे नायब जी के कसूते फैन 🔥 pic.twitter.com/ZADVh0Govp
— Haryana BJP (@BJP4Haryana) November 21, 2024
Advertisement
विधायक गोकुल सेतिया ने मंच से सीएम नायब सैनी की सराहना करते हुए कहा कि सीएम साहब को पता चला कि मैं एयर फोर्स के बाहर खड़ा हूं तो उन्होंने मेरा 3 मिनट तक इंतजार किया। जब वह बाहर आए, तो उन्होंने स्पेशल गाड़ी से मेरा मान-सम्मान किया। मैं भगवान की कसम खाकर कहता हुं कि ऐसी शख्सियत मैंने आज तक नहीं देखी। गोकुल सेतिया ने आगे कहा कि सीएम सैनी ने सिरसा में मेडिकल कॉलेज की सौगात देकर क्षेत्रवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है और यह विकास के नजरिये से एक बड़ी पहल है।
उन्होंने यह भी बताया कि जब उन्होंने नई सरकार बनने के बाद सीएम सैनी से सिरसा में मेडिकल कॉलेज की मांग की थी, तो मुख्यमंत्री ने न केवल आश्वासन दिया, बल्कि कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का विश्वास दिलाया। सीएम ने कहा था कि किसी से भेदभाव नहीं होगा, सबका समान विकास होगा।
सिरसा में बनने वाला यह मेडिकल कॉलेज एक बड़ी परियोजना है, जिसका नाम बाबा सर साईं नाथ के नाम पर रखा जाएगा। लगभग 1000 करोड़ की लागत से बनने वाले इस मेडिकल कॉलेज में 500 बेड की सुविधा होगी और इसे 22 एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट का लक्ष्य दो साल के भीतर इसे तैयार करना है, जिससे क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार आएगा और स्थानीय युवाओं को चिकित्सा क्षेत्र में प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
गोकुल सेतिया ने विधानसभा में भी मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व की तारीफ की थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का दृष्टिकोण और उनके कार्यक्षमता से साबित होता है कि वह विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं और समाज के सभी वर्गों के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं। सेतिया ने यह भी कहा कि वह हमेशा अच्छे काम की सराहना करते हैं, चाहे वह किसी भी पार्टी से जुड़े हों, क्योंकि उनका मानना है कि विकास और लोकहित से बढ़कर कुछ नहीं होता।




