




Inkhabar Haryana, Shamsher Singh Gogi: हरियाणा के कांग्रेस के पूर्व विधायक शमशेर सिंह गोगी ने एक बार फिर अपनी ही पार्टी के नेताओं पर निशाना साधते हुए संगठन के भीतर गहरी खामियों को उजागर किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा के खिलाफ लड़ाई लड़ने में पूरी तरह से विफल रही है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि हम भाजपा को हराने के बजाय आपस में लड़ते रहे और वह काम हमने बखूबी कर लिया।
शमशेर सिंह गोगी ने कहा कि विधानसभा चुनाव में हार के बाद भी पार्टी नेतृत्व ने इस पर कोई गंभीर चर्चा नहीं की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हार के बावजूद पार्टी नेताओं में कोई बदलाव या सुधार की कोशिश नहीं की गई है। उनके अनुसार कि हाईकमान को अब सख्त फैसला लेना होगा, ताकि कार्यकर्ताओं और आम जनता में यह संदेश जाए कि नेतृत्व अभी सक्रिय है।
गोगी ने पार्टी के कुछ नेताओं पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाते हुए कहा कि जो लोग दो-दो चेहरे लगाकर घूम रहे हैं, उन्हें अपने अंदर झांककर देखना चाहिए। हालांकि उन्होंने अभी किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि सही समय पर वह इन चेहरों को उजागर करेंगे।
पूर्व विधायक गोगी ने पार्टी नेताओं की अंतरात्मा पर सवाल उठाते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में हार की जिम्मेदारी लेने के लिए कोई भी तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति में अंतरात्मा होती है, वह अपनी गलती को स्वीकार करता है। अगर पार्टी नेता हार की जिम्मेदारी नहीं लेते, तो जनता से यह अपेक्षा कैसे की जा सकती है कि वे उन्हें गंभीरता से लें?
उन्होंने यह भी जोड़ा कि यदि चुनाव में जीत होती तो श्रेय लेने के लिए कई नेता सामने आते। लेकिन अब हार की जिम्मेदारी लेने से सब पीछे हट रहे हैं। गोगी का कहना है कि ऐसे नेताओं को पार्टी के प्रति अपनी वफादारी साबित करनी चाहिए और भविष्य में संगठन को मजबूत करने के लिए काम करना चाहिए।
निकाय चुनावों के संबंध में गोगी ने कहा कि कांग्रेस को पूरी मजबूती से चुनाव की तैयारी करनी चाहिए और पार्टी के सिंबल पर ही चुनाव लड़ना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि इस प्रक्रिया को जल्द से जल्द शुरू किया जाए।
उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में रहते हुए भी निकाय चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है। कांग्रेस को भी संगठन को एकजुट करके चुनाव में उतारना चाहिए। अगर कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता ‘हाथ के पंजे’ के प्रतीक को लेकर चुनावी मैदान में उतरेंगे, तो निश्चित रूप से पार्टी जीत हासिल करेगी।
शमशेर सिंह गोगी ने आत्मविश्वास से कहा कि कांग्रेस निकाय चुनाव में कई स्थानों पर जीत दर्ज करेगी। करनाल में जीत के प्रति उन्होंने विशेष रूप से भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि करनाल में निगम चुनाव में कांग्रेस पार्टी निश्चित रूप से जीत दर्ज करेगी।




