Advertisement
Advertisement
होम / Shyam Singh Rana: “न कोई विधायक नाराज है न कोई मंत्री… अनिल विज हमारे मार्गदर्शक”- कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा

Shyam Singh Rana: “न कोई विधायक नाराज है न कोई मंत्री… अनिल विज हमारे मार्गदर्शक”- कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा

BY: • LAST UPDATED : February 1, 2025

Inkhabar Haryana, Shyam Singh Rana: हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा का कहना है कि हरियाणा में कोई विधायक नाराज नहीं है ना ही कोई मंत्री नाराज है। यमुनानगर के जगाधरी में सिविल अस्पताल में रक्तदान शिविर  में भाग लेने आए कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने मीडिया से बातचीत करते हुए अनिल विज के ऊपर एक सवाल के जवाब में कहा की कोई भी मंत्री, विधायक  नाराज नहीं है। आप जिनकी बात कर रहे हैं वह हमारे माननीय और सम्माननीय हैं, हमारे मार्गदर्शक हैं। उनका पूरे देश और प्रदेश में बहुत सम्मान है।

राणा ने कांग्रेस पर साधा निशाना

श्याम सिंह राणा ने विपक्षी पार्टी कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जो पार्टी अपना विपक्ष का नेता तक तय नहीं कर पा रही है, वह सरकार बनाने के दावे कैसे कर सकती है? उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदय भान के उस बयान को भी खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने हरियाणा की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए थे।

हरियाणा में मजबूत कानून व्यवस्था

कृषि मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार कानून-व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क है। अगर राज्य में कोई अपराध की घटना होती भी है, तो उसके अपराधियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया जाता है। सरकार सभी मामलों में त्वरित कार्रवाई करती है और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Advertisement

केजरीवाल के बयान पर पलटवार

आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि केजरीवाल को यह स्पष्ट करना चाहिए कि कहां और कैसे पानी में जहर मिलाया गया है। उन्होंने कहा कि पानी में जहर मिलाने जैसी बातें केवल अफवाहें हैं और इनका कोई आधार नहीं है।श्याम सिंह राणा ने दावा किया कि दिल्ली में भी भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में हाल ही में 5 तारीख को चुनाव हुए थे और अब दिल्ली में भी 5 तारीख को मतदान हो रहा है। जिस तरह हरियाणा में बीजेपी को जीत मिली थी, वैसा ही परिणाम दिल्ली में भी देखने को मिलेगा।

बजट में किसानों के लिए विशेष प्रावधान

कृषि मंत्री ने केंद्र सरकार के बजट की सराहना करते हुए कहा कि इसमें किसानों के लिए कई लाभकारी योजनाएं शामिल की गई हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हरियाणा सरकार का आगामी बजट भी किसानों और समाज के अन्य वर्गों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा, जिससे सभी को समुचित लाभ मिले।