Advertisement
Advertisement
होम / Shyam Singh Rana: “हरियाणा के गन्नौर में बन रही है दुनिया की सबसे बड़ी मंडी”- कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा 

Shyam Singh Rana: “हरियाणा के गन्नौर में बन रही है दुनिया की सबसे बड़ी मंडी”- कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा 

BY: • LAST UPDATED : February 13, 2025
Inkhabar Haryana, Shyam Singh Rana: हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने उचाना की कृषि मंडी का औचक निरीक्षण किया और किसानों व व्यापारियों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने मंडी में चल रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी ड्यूटी सही तरीके से निभाएं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मंडी निरीक्षण के दौरान व्यापारियों और किसानों से संवाद

मंडी में निरीक्षण के दौरान कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा से आढ़ती संघ के प्रधान विकास नचार के नेतृत्व में व्यापारियों ने मुलाकात की। इसके बाद एक पत्रकार वार्ता में राणा ने कहा कि मंडियों का निरीक्षण करना, किसानों की समस्याओं को समझना और अधिकारियों-कर्मचारियों को सही ढंग से काम करने के निर्देश देना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि किसानों को फसल बेचने में किसी तरह की दिक्कत न हो।

दिल्ली हिंदुस्तान का दिल

श्याम सिंह राणा ने कहा कि दिल्ली में बीजेपी सरकार बन गई है, जो पूरे देश के लिए खुशी की बात है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश में बीजेपी की सरकारें लगातार बढ़ रही हैं और विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। संगठन को मजबूत करने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता मिलकर काम कर रहे हैं।

Advertisement

कृषि मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के पास कोई संगठन नहीं है और बिना संगठन के चुनाव नहीं जीते जाते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में सिर्फ व्यक्तिगत हितों की राजनीति चल रही है, जबकि बीजेपी पूरी तरह से संगठन आधारित पार्टी है, जहां राष्ट्रीय से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की एक मजबूत संरचना है।

‘किसानों के लिए सरकार कर रही लगातार काम’

श्याम सिंह राणा ने कहा कि 2014 से बीजेपी की सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों की आय बढ़ाने का जो वादा किया था, वह पूरा किया जा रहा है। एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) पर सभी फसलें खरीदी जा रही हैं और हर साल इसमें बढ़ोतरी की जा रही है, जिससे किसानों की आमदनी पहले से ज्यादा हो रही है।

गन्नौर में बन रही दुनिया की सबसे बड़ी मंडी

श्याम सिंह राणा ने कहा कि हरियाणा के गन्नौर में 550 एकड़ में दुनिया की सबसे बड़ी अनाज और फल मंडी बनाई जा रही है। इस पर 2600 करोड़ रुपए का बजट तय किया गया है। उन्होंने बताया कि यह मंडी दुनिया की सबसे बड़ी दो मंडियों में से एक होगी, दूसरी मंडी फ्रांस में है।

इस मंडी की खासियत होगी कि इसमें रेल कनेक्टिविटी, एक्सपोर्ट सुविधाएं, हेलिपैड और 17 यार्ड बनाए जाएंगे, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। यह मंडी किसानों के लिए एक आधुनिक केंद्र बनेगी, जहां उनकी फसलें बेहतर कीमतों पर बिकेंगी और उन्हें व्यापार करने के लिए वैश्विक बाजारों तक सीधी पहुंच मिलेगी।

हरियाणा किसानों के लिए पूरी तरह समर्पित

श्याम सिंह राणा ने कहा कि कुछ मुद्दे पंजाब सरकार से जुड़े हुए हैं और उन्हें वहां की सरकार को देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार पूरी तरह से किसानों के लिए समर्पित है और उनके हितों के लिए लगातार काम कर रही है।

Advertisement