




Inkhabar Haryana, Sunaina Chautala: इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) की प्रधान महासचिव सुनैना चौटाला ने भाजपा सरकार और कांग्रेस के पूर्व CM भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर तीखे कटाक्ष किए हैं। रोहतक में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने भाजपा की तीसरी बार सत्ता में आने और सरकार के शुरुआती सौ दिनों के प्रदर्शन पर गंभीर सवाल उठाए।
सुनैना चौटाला ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा को भाजपा की “बी टीम” करार देते हुए आरोप लगाया कि हुड्डा ने भाजपा के साथ मिलकर हरियाणा में साजिश रचकर सरकार बनवाई। उन्होंने कहा कि हुड्डा पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) का दबाव था, जिसकी वजह से उन्होंने भाजपा की मदद की। चौटाला ने यह भी कहा कि किसान आंदोलन के समय भाजपा ने किसानों के नेतृत्व को प्रभावित करने के लिए रणनीति बनाई थी, जिसमें हुड्डा ने भूमिका निभाई।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई कांग्रेसी नेता, जैसे कुलदीप बिश्नोई और नवीन जिंदल, ED के डर से भाजपा में शामिल हुए। चौटाला ने यह भी दावा किया कि हुड्डा के भाजपा में शामिल न होने के बावजूद कांग्रेस कमजोर हुई और भाजपा ने प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाई।
बता दें कि, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली और हरियाणवी कलाकार रॉकी मित्तल पर एक युवती द्वारा लगाए गए गैंगरेप के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए सुनैना चौटाला ने कहा कि इस मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अनिल विज ने भी कहा है कि मोहन लाल बडौली को जांच पूरी होने तक अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। आरोप बेहद गंभीर हैं और पीड़िता द्वारा जारी वीडियो से स्थिति और गंभीर हो जाती है।
पिछले चुनाव में INLD का प्रदर्शन सीमित होने पर प्रतिक्रिया देते हुए सुनैना चौटाला ने कहा कि उनकी पार्टी ने इस बार दो सीटें जीतकर अपना वोट बैंक बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करने पर काम कर रही है और आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी।




