Inkhabar Haryana, Sunaina Chautala on Bhupinder Hooda: हरियाणा की सियासत में एक बार फिर बयानबाज़ी का दौर तेज़ हो गया है। झज्जर में आयोजित इनेलो संगठनात्मक बैठक में पार्टी की प्रदेश महासचिव सुनैना चौटाला ने जहां कार्यकर्ताओं को एकजुटता और मजबूती का संदेश दिया, वहीं मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कांग्रेस और भाजपा दोनों पर तीखे हमले किए। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को घेरते हुए गंभीर आरोप लगाए।
कांग्रेस पर कसा तंज
सुनैना चौटाला ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस अभी तक हरियाणा में नेता प्रतिपक्ष की घोषणा नहीं कर सकी है और इसका कारण सीधे तौर पर हुड्डा की मंशा से जुड़ा है। उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से आरोप लगाया कि हुड्डा अपनी निजी कोठी और राजनीतिक स्वार्थों को सुरक्षित रखने के लिए इस मुद्दे को लटकाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि पहले तो कांग्रेस ने भाजपा से मिलीभगत कर उसे तीसरी बार राज्य में सरकार बनाने में मदद की, और अब हुड्डा नेता प्रतिपक्ष की घोषणा न होने देकर उस गठजोड़ को और मज़बूत कर रहे हैं।
बैठक में चौटाला ने पार्टी कार्यकर्ताओं को आगामी राजनीतिक रणनीतियों से अवगत कराते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इनेलो ही हरियाणा के लोगों की असली आवाज़ है, और जनता एक बार फिर बदलाव चाहती है।
ऑपरेशन सिंदूर पर भी बोला हमला
मीडिया से बातचीत के दौरान सुनैना चौटाला ने भाजपा सरकार द्वारा हाल ही में शुरू किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने इस पहल को ‘राजनीतिक नाटक’ करार देते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर चलाने वालों को सिंदूर की असली कीमत का अंदाज़ा नहीं है। जब भाजपा के नेता खुद महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते हैं, तो ऐसे दिखावटी अभियानों का कोई मतलब नहीं रह जाता।
उन्होंने भाजपा नेताओं को सलाह दी कि महिलाओं के सम्मान की बात करने से पहले उन्हें अपने व्यवहार और भाषा पर संयम रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर सच में महिला सशक्तिकरण की भावना है, तो उसे ज़मीन पर लागू करें, न कि सिर्फ प्रचार के लिए नारे बनाए जाएं।