




Inkhabar Haryana, Sunaina Chautala on rainwater drainage issue in Fatehabad: हरियाणा के फतेहाबाद जिले में लगातार हो रही बरसात ने एक बार फिर किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जिले के दर्जन भर गांवों में जलभराव की समस्या गहराती जा रही है। खेतों में बरसाती पानी जमा हो गया है जिससे खड़ी फसलें बर्बादी के कगार पर पहुंच गई हैं। इस गंभीर स्थिति को लेकर सोमवार को इनेलो नेत्री सुनैना चौटाला ने किसानों के साथ फतेहाबाद लघु सचिवालय में जोरदार प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन को चेतावनी भरा अल्टीमेटम सौंपा।
फतेहाबाद के कई गांवों जैसे भाटोल जागीर, धांगड़, टोहाना रोड के आस-पास के इलाकों में बारिश का पानी खेतों और गलियों में जमा हो गया है। वर्षों से जल निकासी की व्यवस्था न होने के कारण हर मानसून में ग्रामीणों और किसानों को यही परेशानी झेलनी पड़ती है। इस वर्ष भी हालात कुछ अलग नहीं हैं। किसानों की खड़ी कपास, मूंग और धान जैसी फसलें पानी में गल रही हैं और उन्हें भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार सुबह इनेलो नेत्री सुनैना चौटाला किसानों के एक बड़े समूह के साथ फतेहाबाद लघु सचिवालय पहुंचीं। किसानों के आक्रोश को आवाज देते हुए उन्होंने एडीसी अनुराग ढालिया को ज्ञापन सौंपा और प्रशासन से तुरंत समाधान की मांग की। सुनैना चौटाला ने चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई, तो किसान लघु सचिवालय को ही अपना ‘स्थायी ठिकाना’ बना लेंगे और अपने घर का सारा सामान यहीं शिफ्ट कर देंगे।
प्रेस को संबोधित करते हुए सुनैना चौटाला ने कहा कि हर साल बरसात में किसानों की फसलें इसी तरह बर्बाद होती हैं। प्रशासन ने आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला। अगर अब भी कोई कदम नहीं उठाया गया तो यह आंदोलन और व्यापक होगा। वह स्वयं गांवों का दौरा करेंगी और प्रशासन के सामने ज़मीनी सच्चाई रखेंगी। उन्होंने यह भी बताया कि एडीसी अनुराग ढालिया ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वह स्वयं भी प्रभावित गांवों का निरीक्षण करेंगे और समस्या के शीघ्र समाधान की दिशा में कदम उठाएंगे।




