Inkhabar Haryana, Sushil Gupta: कुरुक्षेत्र पहुंचे आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता सुशील गुप्ता ने हरियाणा में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध और असुरक्षा की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। गुप्ता ने गुरुग्राम की हालिया घटना का जिक्र करते हुए प्रदेश सरकार की विफलता पर सवाल उठाए।
गुरुग्राम घटना पर चिंता
गुप्ता ने गुरुग्राम की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि आरोपियों के पास चार बम थे, जिनमें से दो बम फट चुके हैं। यदि चारों बम फट जाते तो स्थिति और भयावह हो सकती थी। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं दर्शाती हैं कि प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है। हर दिन फिरौती और अन्य अपराधों की घटनाएं बढ़ रही हैं, जो आम नागरिकों में भय का माहौल पैदा कर रही हैं।
किसानों की समस्याओं पर बोले गुप्ता
किसानों के मुद्दों पर बात करते हुए गुप्ता ने कहा कि देशभर के किसानों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन उनके समाधान के लिए केंद्र सरकार की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि वे व्यक्तिगत रूप से किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लें और उन्हें जल्द से जल्द हल करें।
बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों पर बयान
बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों को लेकर गुप्ता ने भारत सरकार से मांग की कि वह वहां की सरकार से बातचीत करे। उन्होंने कहा कि भारत एक जिम्मेदार पड़ोसी देश है और ऐसी घटनाओं पर ध्यान देना भारत सरकार का दायित्व है। गुप्ता ने कहा कि धर्म के नाम पर होने वाले ऐसे हमलों को रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कदम उठाने की जरूरत है।
सरकार पर कसा तंज
गुप्ता ने कहा कि हरियाणा की मौजूदा सरकार न केवल सुरक्षा व्यवस्था संभालने में नाकाम रही है, बल्कि किसानों और अन्य गंभीर मुद्दों पर भी ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने मांग की कि सरकार अपनी नीतियों पर पुनर्विचार करे और आम जनता को सुरक्षा और राहत प्रदान करने के लिए कदम उठाए।