




Inkhabar Haryana, Sushil Gupta: आम आदमी पार्टी के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्र सरकार और हरियाणा सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने जीएसटी में बढ़ोतरी, कपड़ा उद्योग की बदहाली और किसानों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की है।
सुशील गुप्ता ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान केंद्र सरकार ने आम जनता की मुश्किलों को बढ़ाते हुए आटा, दाल और चावल जैसे जरूरी सामान पर जीएसटी लगाया। इसके अलावा कपड़ा उद्योग पर भी पहले 5 प्रतिशत से 12 प्रतिशत तक जीएसटी बढ़ाया गया, जिससे इस उद्योग को गहरा झटका लगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने कपड़ा उद्योग को बर्बाद करने की साजिश रच रखी है।
उन्होंने कहा कि जीएसटी की दरों को अब 12 प्रतिशत से बढ़ाकर 18 और 28 प्रतिशत तक करने की तैयारी हो रही है। इससे न केवल व्यापारियों को नुकसान होगा बल्कि लाखों लोगों की नौकरियां भी जाएंगी। पिछले 10 सालों में 20 लाख व्यापारी देश छोड़कर जा चुके हैं। यदि सरकार ने जीएसटी दरों में बढ़ोतरी का फैसला नहीं रोका, तो बेरोजगारी का संकट और गहरा जाएगा।
गुप्ता ने केंद्र सरकार से निवेदन करते हुए कहा कि कपड़ों पर जीएसटी बढ़ाने का जो फैसला लिया गया है, उसे तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए।
गुप्ता ने देश के सबसे बड़े किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि तीन साल पहले इस ऐतिहासिक आंदोलन ने किसानों की शक्ति को दिखाया। अब किसान दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री को एमएसपी गारंटी कानून बनाने का अपना वादा याद दिलाना चाहते हैं। लेकिन हरियाणा सरकार उन्हें रोकने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि किसान हरियाणा सरकार से कुछ मांगने नहीं जा रहे हैं, वे केवल प्रधानमंत्री से मिलकर अपनी मांगें रखना चाहते हैं। ऐसे में हरियाणा सरकार को उन्हें रोकने का कोई अधिकार नहीं है। मैं आम आदमी पार्टी की ओर से किसानों की मांगों का पूरा समर्थन करता हूं और आग्रह करता हूं कि उन्हें दिल्ली जाने दिया जाए।
हरियाणा और दिल्ली में होने वाले आगामी चुनावों पर बात करते हुए गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी दिल्ली नगर निगम चुनाव अपने दम पर लड़ेगी। हरियाणा में भी निकाय चुनाव पार्टी के सिंबल पर लड़े जाएंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि हरियाणा में इंडिया गठबंधन के साथ चुनाव लड़ा जाता, तो परिणाम कुछ और ही होते।
उन्होंने हरियाणा में पार्टी को मजबूत बनाने और अकेले चुनाव लड़ने की रणनीति की बात कही। उनका कहना है कि पार्टी जमीनी स्तर पर काम कर रही है और जनता का समर्थन तेजी से बढ़ रहा है।




