Advertisement
Advertisement
होम / Udaibhan: “भाजपा और आप एक ही थाली के चट्टे-बट्टे”- उदयभान

Udaibhan: “भाजपा और आप एक ही थाली के चट्टे-बट्टे”- उदयभान

BY: • LAST UPDATED : February 1, 2025
Inkhabar Haryana, Udaibhan: हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदय भान शुक्रवार शाम यमुनानगर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी रमन त्यागी की धर्मपत्नी प्रभात त्यागी के निधन पर शोक व्यक्त करने उनके निवास पर पहुंचे। इस दौरान उनके साथ पूर्व सूचना आयुक्त हरियाणा अशोक मेहता भी मौजूद रहे। उन्होंने परिवार को सांत्वना दी और इस कठिन समय में उनके साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया।

दिल्ली में कांग्रेस की वापसी का दावा

मीडिया से बातचीत के दौरान उदय भान ने भाजपा और आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए दोनों दलों को “एक ही थाली के चट्टे-बट्टे” करार दिया और कहा कि आम आदमी पार्टी जनता का भरोसा खो चुकी है। दिल्ली के मतदाता अब यह महसूस कर रहे हैं कि शीला दीक्षित के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार के दौरान जो विकास कार्य हुए, वैसे किसी और सरकार ने नहीं किए। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता कांग्रेस के कार्यकाल को याद कर रही है और आगामी चुनावों में कांग्रेस की सरकार बनना तय है।

भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार

उदय भान ने भाजपा की केंद्र सरकार को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सिर्फ खोखले वादे और झूठे आश्वासनों की लंबी लिस्ट के अलावा भाजपा के पास दिखाने के लिए कुछ भी नहीं है। उन्होंने हरियाणा की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए और कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के गृह क्षेत्र नारायणगढ़ में बसपा प्रत्याशी की हत्या और यमुनानगर में हाल ही में हुए गोलीकांड इस बात का सबूत हैं कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि व्यापारियों और उद्योगपतियों को विदेश में बैठे अपराधियों से फिरौती की धमकियां मिल रही हैं, जिससे साफ है कि हरियाणा में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची।

Advertisement

यमुना नदी के दूषित पानी पर केजरीवाल सरकार को घेरा

उदय भान ने यमुना नदी के दूषित जल के मुद्दे पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने खुद माना है कि उन्हें यमुना को साफ करने के लिए अगले पांच साल चाहिए, लेकिन उन्होंने 2015 और 2020 में भी यही झूठे वादे किए थे। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता दूषित पानी पीने को मजबूर है और शहर की सड़कों की हालत बदतर हो चुकी है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री पर तंज

उदय भान ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा यमुना जल का आचमन करने और फिर उसी पानी को थूक देने की घटना को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा ऐसा करने से यह साबित होता है कि यमुना का पानी वाकई पीने योग्य नहीं है और सरकार केवल दिखावा कर रही है।

इसके अलावा, उन्होंने दावा किया कि हरियाणा सरकार में खुद भाजपा के मंत्री अपनी ही सरकार पर सवाल उठा रहे हैं, जिससे साफ है कि राज्य सरकार अस्तित्व बचाने के लिए संघर्ष कर रही है।

हरियाणा नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस तैयार

हरियाणा में होने वाले नगर निगम चुनावों पर बात करते हुए उदय भान ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह तैयार है और मजबूती से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन सिर्फ लोकसभा चुनाव तक सीमित था। हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में विधानसभा चुनाव दोनों पार्टियां अपने-अपने स्तर पर लड़ रही हैं।