Inkhabar Haryana, Udaibhan: हरियाणा के पलवल में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने भाजपा पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा तानाशाही रवैया अपनाकर विपक्ष को दबाने का प्रयास कर रहा है। उदयभान ने संसद में हुई कथित धक्का-मुक्की के मामले में राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को “देश को शर्मसार करने वाला” करार दिया। यह आरोप पूरी तरह से निराधार है और इसे राहुल गांधी को बदनाम करने के लिए रचा गया षड्यंत्र बताया।
सीसीटीवी फुटेज की मांग
चौधरी उदयभान ने भाजपा पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर राहुल गांधी ने सच में किसी भाजपा सांसद के साथ धक्का-मुक्की की है और इससे सांसद घायल हुए हैं, तो सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक क्यों नहीं की गई? उन्होंने कहा कि संसद में हर जगह कैमरे लगे हैं और भाजपा नेताओं द्वारा घटना के समय वीडियो भी बनाए जा रहे थे। इसके बावजूद राहुल गांधी के खिलाफ सबूत पेश न कर पाना भाजपा की मंशा पर सवाल खड़े करता है।
राहुल गांधी पर लगाए झूठे आरोप
उदयभान ने कहा कि राहुल गांधी संसद में “जय भीम” के नारे लगा रहे थे और संविधान के मूल्यों को बनाए रखने की बात कर रहे थे। इस दौरान भाजपा नेताओं ने उनका रास्ता रोकने की कोशिश की। उन्होंने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी ने किसी भी प्रकार की धक्का-मुक्की नहीं की।
कांग्रेस ने भाजपा से माफी की मांग की
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अगर भाजपा के पास कोई ठोस सबूत है, तो उसे सार्वजनिक करे। उन्होंने पुलिस पर भी पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर तो दर्ज कर दी गई, लेकिन कांग्रेस द्वारा दर्ज शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मांग की कि भाजपा इस झूठे आरोप के लिए कांग्रेस और राहुल गांधी से माफी मांगे।
कांग्रेस झुकने को तैयार नहीं
चौधरी उदयभान ने कहा कि कांग्रेस ने कभी अंग्रेजों के सामने घुटने नहीं टेके और आज भी भाजपा की साजिशों के आगे झुकने वाली नहीं है। उन्होंने भाजपा पर विपक्ष को दबाने और लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाया।