




InKhabar Haryana, Vinesh Phogat-Bajrang Punia: हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 से पहले भारतीय पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया के कांग्रेस में शामिल होने की खबर ने सियासी हलचल तेज कर दी है। दोनों पहलवानों ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की, जहां कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल भी मौजूद रहे। चर्चा है कि पार्टी की आगामी कैंडिडेट लिस्ट में दोनों के नाम शामिल हो सकते हैं।
इससे पहले, शुक्रवार (6 सितंबर) को विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया ने रेलवे की नौकरी से इस्तीफा देकर अपने राजनीतिक सफर की ओर कदम बढ़ाया। इससे दो दिन पहले ही दोनों पहलवानों ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की थी, जिसके बाद से अटकलें तेज हो गई थीं कि दोनों कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
विनेश फोगाट को लेकर यह चर्चा है कि कांग्रेस उन्हें चरखी-दादरी या जुलाना विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतार सकती है। चरखी-दादरी उनका गृह जिला है, जबकि जुलाना उनका ससुराल है। फिलहाल जुलाना सीट पर जेजेपी के विधायक का कब्जा है, और ऐसे में फोगाट की उम्मीदवारी पार्टी के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
वहीं, बजरंग पूनिया के लिए कांग्रेस की बादली सीट से चुनाव लड़ने की संभावना जताई जा रही है, जो वर्तमान में कांग्रेस के ही विधायक कुलदीप वत्स के पास है। हालांकि, पूनिया को चुनावी मैदान में उतारने की स्थिति में सिटिंग विधायक वत्स की प्रतिक्रिया भी महत्वपूर्ण रहेगी।
कयास यह भी लगाए जा रहे हैं कि कांग्रेस बजरंग पूनिया को टिकट देने की बजाय चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी सौंप सकती है, जिससे पार्टी की ओर से प्रचार अभियान को धार मिल सके। दोनों पहलवानों का कांग्रेस में शामिल होना पार्टी के लिए एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है, जिससे हरियाणा की राजनीति में नया मोड़ आ सकता है।




