




अंशुल कंबोज करनाल की राणा ब्रदर्स क्रिकेट अकादमी में प्रशिक्षित हुए। इसी अकादमी ने उन्हें क्रिकेट की बारीकियां सिखाई और आज उन्हें आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलने का मौका मिला है। पिछले साल अंशुल को मुंबई इंडियंस ने उनके बेस प्राइस 20 लाख में खरीदा था। हालांकि, इस बार उनका सफर और बड़ा हुआ, जब कई टीमों ने उन्हें खरीदने की कोशिश की, लेकिन बाजी चेन्नई सुपर किंग्स ने मारी।
चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा बनकर अंशुल अब महेंद्र सिंह धोनी जैसे दिग्गज के साथ खेलेंगे। धोनी का युवाओं को बढ़ावा देने का इतिहास रहा है और ऐसे में अंशुल के लिए यह सुनहरा मौका है। चेन्नई के प्रशंसकों को उम्मीद है कि अंशुल अपनी गेंदबाजी से टीम के लिए अहम योगदान देंगे।
अंशुल का नाम क्रिकेट जगत में तब छाया, जब उन्होंने रणजी ट्रॉफी में केरला के खिलाफ एक पारी में 10 विकेट झटक लिए। यह प्रदर्शन उनकी प्रतिभा और मेहनत का प्रमाण है। इसी उपलब्धि के बाद से उन्हें आईपीएल में बड़ा मौका मिलने की चर्चा शुरू हुई थी।
करनाल की राणा ब्रदर्स अकादमी में अंशुल की सफलता का जश्न मनाया जा रहा है। उनके कोच सतीश राणा ने कहा कि अंशुल ने जो मेहनत की है, उसका फल उसे मिला है। यह पूरे करनाल के लिए गर्व की बात है। वहीं, उनके रिश्तेदार कपिल ने कहा कि हम अंशुल की इस कामयाबी से बेहद खुश हैं। हमें विश्वास है कि वह आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करेंगे।




