Inkhabar Haryana, Kanishk Chauhan: हरियाणा के सीमांत जिले सिरसा की मिट्टी ने एक और नायाब हीरा देश को सौंपा है कनिष्क चौहान। ये वही कनिष्क है जिसने अपने जबरदस्त ऑलराउंड प्रदर्शन से इंग्लैंड में आयोजित अंडर-19 क्रिकेट सीरीज में न केवल सबका ध्यान खींचा, बल्कि “बेस्ट ऑलराउंडर ऑफ द सीरीज” का खिताब अपने नाम कर सिरसा और देश का नाम रौशन किया। अब कनिष्क की नजरें ऑस्ट्रेलिया में होने वाले आगामी अंडर-19 टूर्नामेंट पर टिकी हैं, जहां वह फिर से भारत के लिए मैदान में उतरने को तैयार है।
बाल्यकाल से बनी क्रिकेट के प्रति दीवानगी
कनिष्क चौहान सिरसा के उन युवाओं में से हैं, जिनका बचपन क्रिकेट के मैदानों पर बीता। राइट आर्म बैटर और राइट आर्म स्पिनर के रूप में कनिष्क की भूमिका टीम में एक सशक्त ऑलराउंडर की है। वे छठे, सातवें या आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हैं और अपनी तूफानी बल्लेबाजी से विपक्षी गेंदबाजों को तगड़ी चुनौती देते हैं। वहीं गेंदबाजी में उनकी स्पिन का जादू विपक्षी बल्लेबाजों को उलझाकर पैवेलियन की राह दिखा देता है।
इंग्लैंड दौरे में धमाकेदार प्रदर्शन
हाल ही में इंग्लैंड में संपन्न हुई अंडर-19 द्विपक्षीय सीरीज में कनिष्क ने 5 एकदिवसीय मैचों में 8 विकेट झटके और साथ ही 114 रनों का बहुमूल्य योगदान दिया। इस शानदार प्रदर्शन के बल पर उन्हें “मैन ऑफ द मैच” के साथ-साथ “बेस्ट ऑलराउंडर ऑफ द सीरीज” का पुरस्कार भी मिला। यह उपलब्धि एक खिलाड़ी के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।
सिरसा में हुआ भव्य स्वागत
जब कनिष्क इंग्लैंड से लौटे, तो सिरसा क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से शाह सतनाम जी क्रिकेट स्टेडियम में उनका जोरदार स्वागत किया गया। सैकड़ों युवा क्रिकेट खिलाड़ियों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया और अपने आदर्श खिलाड़ी की झलक पाने को उत्साहित नजर आए। फूलों की बारिश और तालियों की गूंज के बीच कनिष्क ने सभी को धन्यवाद दिया—खासतौर से अपने कोच जसकरण सिंह, विजय, और एसोसिएशन के सचिव डॉ. वेद बेनीवाल को, जिन्होंने हर कदम पर उन्हें सहयोग और मार्गदर्शन दिया।
कोच और क्रिकेट एसोसिएशन का अहम योगदान
सिरसा क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव डॉ. वेद बेनीवाल ने कहा कि उन्होंने और उनके सहयोगी कोचों ने कनिष्क की प्रतिभा को शुरुआत से ही पहचाना और उसे जरूरी मंच उपलब्ध कराया। उन्होंने बताया कि कनिष्क की मेहनत, लगन और फोकस ने उसे भारत की अंडर-19 टीम में जगह दिलाई। साथ ही उन्होंने हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव अनिरुद्ध चौधरी का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने कनिष्क को हरियाणा अंडर-19 टीम का कप्तान बनाया और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने में मार्गदर्शन किया।
अब निगाहें ऑस्ट्रेलिया दौरे पर
कनिष्क ने मीडिया से बातचीत में बताया कि वह अब आगामी अंडर-19 ऑस्ट्रेलिया दौरे (21 सितंबर 2025 से 10 अक्टूबर 2025) को लेकर बेहद उत्साहित हैं। वे भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने की उम्मीद रखते हैं। इंग्लैंड दौरे के दौरान भी वे अपने कोच से निरंतर संपर्क में रहे और वहां की परिस्थितियों के अनुसार अपनी रणनीति तैयार की। कनिष्क का मानना है कि लक्ष्य पर फोकस और मेहनत के साथ किया गया अभ्यास ही सफलता की कुंजी है।
नेशनल टीम में जगह बनाने की तमन्ना
कनिष्क का सपना है कि वे जल्द ही भारत की सीनियर नेशनल टीम का हिस्सा बनें। वे अपने आदर्श खिलाड़ियों—कपिल देव, युवराज सिंह, हार्दिक पांड्या और यूसुफ पठान—की तरह देश के लिए मैच जिताऊ प्रदर्शन करना चाहते हैं। कनिष्क मानते हैं कि जैसे सचिन तेंदुलकर और युवराज सिंह ने किशोर अवस्था में ही क्रिकेट करियर की शुरुआत कर ली थी, वैसे ही वे भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी गहरी छाप छोड़ना चाहते हैं।