




Inkhabar Haryana, Mahavir Singh Phogat: अंतरराष्ट्रीय पहलवान और भाजपा नेत्री बबीता फोगाट के पिता, द्रोणाचार्य अवार्डी महावीर फोगाट ने कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल के दौरान खिलाड़ियों की काबिलियत के बजाय सिफारिश के आधार पर पुरस्कार दिए जाते थे। उन्होंने अपनी और अपनी बेटियों, गीता और बबीता फोगाट, के साथ हुए भेदभाव का जिक्र करते हुए कांग्रेस सरकार की नीतियों पर तीखा हमला किया।
महावीर फोगाट ने कहा कि द्रोणाचार्य अवार्ड, जो मुझे 2012 में मिलना चाहिए था, वह कांग्रेस सरकार के भेदभावपूर्ण रवैये के कारण नहीं मिला। 2014 में भाजपा की सरकार बनने के बाद मुझे यह अवार्ड दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि मोदी सरकार ने उन खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया है, जिन्होंने इसकी उम्मीद भी नहीं की थी।
महावीर फोगाट ने बताया कि कांग्रेस सरकार के दौरान खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के आधार पर नहीं, बल्कि सिफारिश के जरिए सम्मानित किया जाता था। उन्होंने कहा कि मेरी बेटियों ने देश के लिए गोल्ड मेडल जीतकर विश्व स्तर पर भारत का नाम रोशन किया, लेकिन कांग्रेस सरकार ने उन्हें पुरस्कार से वंचित रखा। यह खिलाड़ियों की काबिलियत का अपमान था।
महावीर फोगाट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि भाजपा सरकार खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन और मेहनत के आधार पर सम्मानित कर रही है। उन्होंने कहा कि मनु भाकर और अन्य खिलाड़ियों को अवार्ड दिए जाने से यह स्पष्ट है कि मोदी सरकार खिलाड़ियों का सही सम्मान कर रही है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव पर बात करते हुए महावीर फोगाट ने विश्वास जताया कि भाजपा दिल्ली में भी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने हरियाणा चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार भाजपा ने हरियाणा में पूर्ण बहुमत हासिल किया, वैसे ही दिल्ली में भी पार्टी को जनसमर्थन मिलेगा।




