Advertisement
Advertisement
होम / Neeraj Chopra became Lieutenant Colonel: खेल का हीरो बना सेना का गौरव, नीरज चोपड़ा को मिला नया ओहदा

Neeraj Chopra became Lieutenant Colonel: खेल का हीरो बना सेना का गौरव, नीरज चोपड़ा को मिला नया ओहदा

BY: • LAST UPDATED : May 15, 2025
Inkhabar Haryana, Neeraj Chopra became Lieutenant Colonel: भारत को ओलंपिक में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक दिलाने वाले नीरज चोपड़ा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार कारण है भारतीय सेना में उन्हें मिला एक महत्वपूर्ण सम्मान। खेल के क्षेत्र में असाधारण उपलब्धियों और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को देखते हुए नीरज चोपड़ा को टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया है। रक्षा मंत्रालय ने 14 मई को इस सम्मान की आधिकारिक घोषणा की, जो 16 अप्रैल 2025 से प्रभावी मानी गई है।

खेल और सेवा का मिला-जुला सफर

नीरज चोपड़ा का सफर सिर्फ एक खिलाड़ी का नहीं, बल्कि एक सच्चे राष्ट्रसेवक का भी रहा है। हरियाणा के पानीपत जिले के छोटे से गांव खंडरा से निकलकर नीरज ने न केवल ओलंपिक में इतिहास रचा, बल्कि भारतीय सेना में भी अनुकरणीय योगदान दिया है। वर्ष 2016 में नीरज ने भारतीय सेना की टेरिटोरियल आर्मी में नायब सूबेदार के रूप में अपनी सेवा शुरू की थी। खेल में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें 2018 में सूबेदार के पद पर पदोन्नत किया गया। और अब, 2025 में उन्हें लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि से नवाजा गया है यह सम्मान भारतीय सेना में बहुत कम खिलाड़ियों को प्राप्त हुआ है।

खेल की दुनिया में नीरज का सितारा

नीरज चोपड़ा की सबसे बड़ी उपलब्धि टोक्यो ओलंपिक 2021 में देखने को मिली, जहां उन्होंने भाला फेंक प्रतियोगिता में 87.58 मीटर की दूरी तय कर भारत को ऐतिहासिक स्वर्ण पदक दिलाया। यह भारत का ट्रैक एंड फील्ड में पहला ओलंपिक गोल्ड था। इसके बाद उन्होंने पेरिस ओलंपिक में सिल्वर मेडल जीतकर एक बार फिर देश का नाम रोशन किया। उनकी उपलब्धियों की सूची यहीं नहीं रुकती। जनवरी 2022 में, टोक्यो ओलंपिक की जीत के बाद उन्हें 4 राजपुताना राइफल्स द्वारा परम विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। इसी वर्ष, उन्हें पद्म श्री, भारत का चौथा सर्वोच्च नागरिक सम्मान भी प्रदान किया गया। इससे पहले, उन्हें देश के सर्वोच्च खेल सम्मान मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार से नवाजा जा चुका है।

Advertisement