Advertisement
Advertisement
होम / Neeraj Chopra in Doha Diamond League: दोहा में गूंजा भारत का नाम, नीरज चोपड़ा ने रचा इतिहास, पहली बार 90 मीटर पार फेंका भाला

Neeraj Chopra in Doha Diamond League: दोहा में गूंजा भारत का नाम, नीरज चोपड़ा ने रचा इतिहास, पहली बार 90 मीटर पार फेंका भाला

BY: • LAST UPDATED : May 17, 2025
Inkhabar Haryana, Neeraj Chopra in Diamond League: भारत के ‘गोल्डन ब्वॉय’ नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। टोक्यो ओलंपिक चैंपियन और विश्व चैंपियन रह चुके नीरज ने दोहा में आयोजित 2025 डायमंड लीग के पहले लेग में 90 मीटर की जादुई दूरी पार कर एक नया मील का पत्थर स्थापित किया। यह वह दूरी थी, जिसे छूने की कोशिश नीरज सालों से कर रहे थे। आखिरकार, उन्होंने अपने तीसरे प्रयास में 90.23 मीटर का जबरदस्त थ्रो कर इस मुकाम को हासिल किया।

पहले थ्रो से दिखाया इरादा

नीरज चोपड़ा ने मुकाबले की शुरुआत ही शानदार अंदाज़ में की। उन्होंने अपने पहले थ्रो में 88.44 मीटर की दूरी तय कर दी, जिससे यह साफ हो गया कि वह इस इवेंट में अपने करियर की नई ऊंचाई छूने के मूड में हैं। हालांकि उनका दूसरा प्रयास फाउल रहा, लेकिन तीसरे प्रयास में उन्होंने 90.23 मीटर भाला फेंक कर न सिर्फ दर्शकों को रोमांचित कर दिया, बल्कि खुद को इतिहास के पन्नों में भी दर्ज करा लिया।

हालांकि नीरज चोपड़ा को इस मुकाबले में दूसरा स्थान मिला। पहले स्थान पर जर्मनी के जूलियन वेबर रहे, जिन्होंने 91.06 मीटर का थ्रो कर स्वर्ण पदक जीता। लेकिन नीरज के लिए यह मुकाबला सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि एक सपना पूरा होने जैसा था – 90 मीटर के क्लब में शामिल होने का सपना।

Advertisement

दुनिया के 25वें और भारत के पहले एथलीट

नीरज चोपड़ा अब दुनिया के उन 26 जैवलिन थ्रोअर्स की सूची में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने 90 मीटर की बाधा पार की है। वह इस प्रतिष्ठित क्लब में जगह बनाने वाले भारत के पहले और विश्व के 25वें एथलीट हैं। उनके इस थ्रो ने उन्हें जर्मनी के मैक्स डेहिंग (90.20 मीटर) और त्रिनिदाद एंड टोबैगो के केह्रॉन वाल्कोट (90.16 मीटर) से भी आगे पहुंचा दिया।

नीरज का यह प्रदर्शन इसलिए भी खास रहा क्योंकि यह उनके नए कोच जान जेलेजनी के मार्गदर्शन में पहला अंतरराष्ट्रीय इवेंट था। जान जेलेजनी खुद भाला फेंक में विश्व रिकॉर्ड होल्डर हैं, जिन्होंने 1996 में 98.48 मीटर का थ्रो कर एक अविश्वसनीय रिकॉर्ड बनाया था। नीरज का जेलेजनी के साथ जुड़ना उनके करियर के लिए एक निर्णायक मोड़ माना जा रहा है, और इस शुरुआत ने उम्मीदों को और मजबूत कर दिया है।

जर्मनी सबसे आगे, भारत की नई पहचान

दुनिया के 90+ मीटर क्लब में शामिल 26 एथलीटों में से 7 जर्मनी से हैं, जो इस खेल में उनकी गहरी पकड़ को दर्शाता है। इसके अलावा चार फिनलैंड, दो चेक गणराज्य और एक-एक खिलाड़ी ग्रेनेडा, पाकिस्तान, केन्या, रूस, ग्रीस, नॉर्वे, ग्रेट ब्रिटेन, चीनी ताइपे, अमेरिका, लातविया, एस्टोनिया और त्रिनिदाद एंड टोबैगो से हैं। अब इस सूची में भारत का नाम भी नीरज चोपड़ा के रूप में जुड़ गया है। नीरज चोपड़ा एशिया के तीसरे ऐसे भाला फेंक एथलीट बन गए हैं जिन्होंने 90 मीटर की दूरी पार की है। इससे पहले पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 92.97 मीटर और चीनी ताइपे के चाओ-त्सुन चेंग ने 91.36 मीटर का थ्रो किया था।