Advertisement
Advertisement
होम / World Wrestling Championship 2025: विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में दिखा हरियाणा की बेटियों का दबदबा, भारतीय महिला टीम में 10 में से 9 हरियाणवी खिलाड़ियों का हुआ चयन

World Wrestling Championship 2025: विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में दिखा हरियाणा की बेटियों का दबदबा, भारतीय महिला टीम में 10 में से 9 हरियाणवी खिलाड़ियों का हुआ चयन

BY: • LAST UPDATED : August 4, 2025
Inkhabar Haryana, World Wrestling Championship 2025: भारतीय महिला कुश्ती ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अगर सबसे ज्यादा दम कहीं है, तो वह हरियाणा की मिट्टी में है। विश्व कुश्ती चैंपियनशिप-2025 के लिए रविवार को दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी स्टेडियम में हुए ट्रायल के बाद भारतीय महिला टीम का ऐलान कर दिया गया, जिसमें कुल 10 महिला पहलवानों को चयनित किया गया है। खास बात यह रही कि इन 10 में से 9 महिला पहलवान हरियाणा से हैं, जबकि एकमात्र खिलाड़ी महाराष्ट्र से चयनित हुई हैं।

क्रोएशिया में होगा आयोजन

विश्व कुश्ती चैंपियनशिप का आयोजन इस वर्ष 13 से 21 सितंबर तक क्रोएशिया के राजधानी शहर जाग्रेब में किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत की ओर से महिला वर्ग में भाग लेने वाली टीम की घोषणा रविवार को ट्रायल के पश्चात की गई।

ट्रायल के दौरान मौजूद रहे दिग्गज

दिल्ली में आयोजित इस ट्रायल के दौरान भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के अध्यक्ष संजय सिंह, कोषाध्यक्ष डॉ. एस.पी. देशवाल, उपाध्यक्ष व ओलंपियन जयप्रकाश, ओलंपिक मेडलिस्ट व चयन समिति के चेयरमैन योगेश्वर दत्त, भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच विरेंदर दहिया और चयन समिति की सदस्य डीएसपी गीतिका जाखड़ समेत कई प्रमुख चेहरे उपस्थित रहे।

Advertisement

भारतीय महिला टीम में चयनित पहलवानों की सूची

बता दें कि, भारतीय महिला टीम में चयनित पहलवानों में इन खिलाड़ियों के नाम शामिल है। अंकुश (50 किग्रा) – हिसार,अंतिम (53 किग्रा) – हिसार, नीशू (55 किग्रा) – जींद, तपस्या (57 किग्रा) – झज्जर, नेहा सांगवान (59 किग्रा) – चरखी दादरी, मनीषा (62 किग्रा) – जींद, वैष्णवी पाटिला (65 किग्रा) – महाराष्ट्र (एकमात्र गैर-हरियाणा खिलाड़ी), राधिका (68 किग्रा) – पानीपत, हरियाणा, ज्योति (72 किग्रा) – हिसार, हरियाणा, प्रिया (76 किग्रा) – जींद, हरियाणा

हरियाणा की कुश्ती परंपरा को सलाम

हरियाणा की बेटियों ने एक बार फिर देश को गौरव का अवसर दिया है। कुश्ती जैसे पारंपरिक खेल में राज्य की पकड़ वर्षों से मजबूत रही है, और इस बार की टीम में 90% खिलाड़ियों का हरियाणा से चयन इस बात का प्रमाण है। यह सफलता राज्य के ग्रामीण क्षेत्र में चल रही मेहनत, प्रशिक्षण केंद्रों और परिवारों के समर्पण का नतीजा है।

महाराष्ट्र की वैष्णवी की विशेष उपलब्धि

टीम की इकलौती गैर-हरियाणवी खिलाड़ी वैष्णवी पाटिला ने 65 किलोग्राम भारवर्ग में जगह बनाकर महाराष्ट्र को गौरवान्वित किया है। उनका चयन बताता है कि देश के अन्य राज्यों में भी महिला कुश्ती के क्षेत्र में उभरती प्रतिभाएं मौजूद हैं।