Inkhabar Haryana, 7 Members Suicide in Panchkula: हरियाणा के पंचकूला जिले में सेक्टर 27 से एक दर्दनाक और स्तब्ध कर देने वाली घटना सामने आई है। उत्तराखंड के देहरादून से पंचकूला में धार्मिक आयोजन के लिए आए एक ही परिवार के सात लोगों ने कथित रूप से ज़हर खाकर सामूहिक आत्महत्या कर ली। यह घटना न सिर्फ स्थानीय प्रशासन बल्कि पूरे क्षेत्र को हिला कर रख देने वाली है।
क्या हैं पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, परिवार की पहचान देहरादून निवासी 42 वर्षीय प्रवीण मित्तल के रूप में हुई है, जो पंचकूला में आयोजित पांच दिवसीय हनुमंत कथा में भाग लेने के लिए अपने पूरे परिवार के साथ आए थे। उनके साथ उनके पिता देशराज मित्तल, मां, पत्नी और तीन बच्चे भी थे। जानकारी के अनुसार, कथित आत्महत्या उस समय की गई जब परिवार होटल की तलाश में सेक्टर 27 क्षेत्र में था।
सूचना मिलने पर कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई। डीसीपी हिमाद्री कौशिक और डीसीपी (लॉ एंड ऑर्डर) अमित दहिया मौके पर पहुंचे। पुलिस के साथ-साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की गहन जांच शुरू की गई। पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की कि सातों मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे और उन्होंने ज़हर खाकर आत्महत्या की।
मौके से मिला सुसाइड नोट
फॉरेंसिक टीम को गाड़ी से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार ने आत्महत्या का कारण आर्थिक तंगी बताया है। डीसीपी हिमाद्री कौशिक ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और सुसाइड नोट की प्रमाणिकता की भी गहराई से पड़ताल की जा रही है।
आगे की कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने घटना स्थल की घेराबंदी कर सभी आवश्यक सबूत जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही, पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के सही कारण और समय की पुष्टि हो सके। फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले को आत्महत्या के रूप में देख रही है लेकिन अन्य कोणों को भी नजरअंदाज नहीं किया गया है।