Inkhabar Haryana, Aarti Rao on Ayushman Card Treatment: गुरुग्राम में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज रोकने वाले अस्पतालों को लेकर कड़ा संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वित्त विभाग जल्द ही बकाया बिलों का भुगतान करने की दिशा में काम कर रहा है, ऐसे में इलाज बंद करना सही नहीं है।
आयुष्मान कार्ड पर इलाज रोकने पर नाराजगी
आरती राव ने कहा कि वित्त वर्ष के पहले तीन महीनों में ही अस्पतालों द्वारा इलाज रोक देना गलत है। उन्होंने चेतावनी दी कि योजना के तहत इलाज न करना नियमों का उल्लंघन है और इस पर सरकार सख्ती से कार्रवाई करेगी। इसके साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि इस मुद्दे पर जल्द ही इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के साथ बैठक होगी, ताकि समाधान निकाला जा सके और मरीजों को किसी भी तरह की परेशानी न हो।
गुरुग्राम में सरकारी अस्पताल का निर्माण
स्वास्थ्य मंत्री ने गुरुग्राम में बनने वाले सरकारी अस्पताल के बारे में भी अहम जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अस्पताल का नक्शा दोबारा तैयार करवाया गया है और अब जल्द ही टेंडर जारी किए जाएंगे। उनका कहना था कि यह परियोजना गुरुग्राम के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करेगी और स्थानीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।
HIV और एड्स पर राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत
आरती राव ने अपने दौरे के दौरान गुरुग्राम में एचआईवी और एड्स पर राज्यव्यापी जागरूकता अभियान की भी शुरुआत की। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार एड्स के मरीजों को हर महीने ढाई हजार रुपये की आर्थिक सहायता दे रही है, साथ ही उनके मेडिकल टेस्ट भी मुफ्त में किए जा रहे हैं। यह अभियान प्रदेश भर में चलाया जाएगा, ताकि लोगों में जागरूकता बढ़े और मरीजों को समय पर इलाज मिल सके।