Inkhabar Haryana, Alcohol price hike in Haryana: हरियाणा सरकार की नई आबकारी नीति बुधवार रात 12 बजे से पूरे प्रदेश में लागू हो गई है। इस नई नीति का सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ा है, खासकर उन लोगों पर जो शराब का सेवन करते हैं। देसी हो या विदेशी अब हर किस्म की शराब पहले से महंगी मिलनी शुरू हो गई है।
शराब के दामों में बढ़ोतरी
नई नीति के तहत देसी शराब की कीमत में 15 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। अब तक जो देसी शराब की बोतल 175 रुपये में मिल रही थी, वह अब 190 रुपये में मिलेगी। वहीं अंग्रेज़ी शराब की कीमतों में औसतन 50 रुपये तक की बढ़ोतरी देखी गई है। बीयर के शौकीनों के लिए भी बुरी खबर है बीयर के दाम अब 40 रुपये ज्यादा चुकाने पड़ेंगे।
ठेकों के समय में बदलाव
नई नीति के तहत शराब की दुकानों के खुलने के समय में भी कुछ बदलाव किए गए हैं। अब शहरों में शराब के ठेके रात 12 बजे तक खुले रहेंगे, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में यह समयसीमा रात 11 बजे तक सीमित कर दी गई है। सरकार का दावा है कि नई नीति से राजस्व में बढ़ोतरी होगी और शराब के व्यापार को अधिक व्यवस्थित किया जा सकेगा। साथ ही, अवैध शराब बिक्री पर भी नियंत्रण पाने की योजना है। हालांकि, विपक्ष और सामाजिक संगठनों ने इस फैसले की आलोचना करते हुए कहा है कि इससे आम आदमी की जेब और ज्यादा प्रभावित होगी।