Inkhabar Haryana, Ambala News: नगर परिषद अंबाला ने प्रॉपर्टी टैक्स जमा न करने वाले डिफॉल्टरों के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ दिया है। शहर में बिना प्रॉपर्टी आईडी और टैक्स भुगतान किए मकान एवं दुकानों के बाहर नोटिस चिपकाएं जा रहे हैं। साथ ही, लाखों रुपये का टैक्स न जमा करने वालों के खिलाफ सीलिंग अभियान भी जारी है। नगर परिषद के अनुसार, कुल 25 करोड़ रुपये बकाया प्रॉपर्टी टैक्स में से अब तक 5 करोड़ 15 लाख रुपये की वसूली हो चुकी है, जबकि शेष 21 करोड़ की रिकवरी बाकी है।
युद्ध स्तर पर चल रहा प्रॉपर्टी टैक्स रिकवरी अभियान
नगर परिषद अंबाला और नगर निगम की टीमों ने प्रॉपर्टी टैक्स वसूली के लिए कमर कस ली है। अधिकारी लगातार टैक्स डिफॉल्टरों की संपत्तियों पर पोस्टर चिपकाकर उन्हें चेतावनी दे रहे हैं। नगर परिषद सचिव की अगुवाई में अधिकारी मौके पर जाकर टैक्स की वसूली भी कर रहे हैं।
जो डिफॉल्टर लगातार चेतावनी और नोटिस के बावजूद टैक्स जमा नहीं करा रहे हैं, उनकी संपत्तियां सील की जा रही हैं। नगर परिषद के सचिव राजेश कुमार ने बताया कि डिफॉल्टरों को पहले कई बार नोटिस भेजे गए थे, लेकिन बार-बार की चेतावनी के बावजूद टैक्स जमा नहीं करने पर अब कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
सरकारी विभागों पर भी करोड़ों का टैक्स बकाया
नगर परिषद ने यह भी खुलासा किया है कि सरकारी विभागों पर भी करोड़ों रुपये का टैक्स बकाया है। पब्लिक हेल्थ विभाग पर करीब 4 करोड़ रुपये का टैक्स बकाया है, जिसे लेकर विभाग को नोटिस भेजा गया है और जल्द से जल्द टैक्स जमा करने की चेतावनी दी गई है। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस बारे में हेडक्वार्टर को सूचित कर दिया गया है और जल्द ही टैक्स जमा कर दिया जाएगा।
अभी 21 करोड़ की रिकवरी बाकी
अब तक नगर परिषद की टीम 5 करोड़ 15 लाख रुपये की टैक्स वसूली कर चुकी है, लेकिन 21 करोड़ रुपये की वसूली अभी भी बाकी है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जो लोग समय रहते अपना टैक्स जमा नहीं करेंगे, उनकी संपत्तियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नगर परिषद का अगला निशाना बिजली विभाग होगा, जिस पर भी भारी टैक्स बकाया बताया जा रहा है। नगर परिषद ने स्पष्ट कर दिया है कि बकाया टैक्स की वसूली के लिए कोई भी कोताही नहीं बरती जाएगी और जरूरत पड़ने पर अन्य सरकारी विभागों की संपत्तियों पर भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
नागरिकों को समय पर टैक्स जमा करने की अपील
नगर परिषद सचिव राजेश कुमार ने नागरिकों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द नगर परिषद में आकर अपना टैक्स जमा कराएं। उन्होंने कहा कि बार-बार चेतावनी देने के बावजूद टैक्स न जमा करने वालों के खिलाफ सीलिंग जैसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नगर परिषद का लक्ष्य है कि जल्द से जल्द पूरी टैक्स वसूली कर नगर के विकास कार्यों को सुचारु रूप से आगे बढ़ाया जाए।