Advertisement
Advertisement
होम / Anil Vij: “हरियाणा रोडवेज में प्रतिदिन 3 लाख यात्री व कर्मचारी सफर करते हैं, उन्हें अच्छा खाना उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किए जा रहे”-  अनिल विज

Anil Vij: “हरियाणा रोडवेज में प्रतिदिन 3 लाख यात्री व कर्मचारी सफर करते हैं, उन्हें अच्छा खाना उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किए जा रहे”-  अनिल विज

BY: • LAST UPDATED : February 3, 2025

Inkhabar Haryana, Anil Vij:  हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने राज्य के बस यात्रियों को बेहतर सुविधा देने की दिशा में एक नई पहल की है। अब प्रदेश के पांच प्रमुख बस अड्डों पर यात्रियों को मात्र पांच रुपए में भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। यह सेवा आस्था फाउंडेशन के सहयोग से शुरू की गई है, जिसकी शुरुआत अंबाला छावनी बस स्टैंड से की गई।

रेलवे की तर्ज पर मिलेगा भोजन

परिवहन मंत्री अनिल विज ने बताया कि हरियाणा रोडवेज में प्रतिदिन तीन लाख यात्री व कर्मचारी सफर करते हैं, जिनके लिए अच्छा और किफायती भोजन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से पांच बस अड्डों पर ट्रायल के तौर पर रेलवे की तर्ज पर भोजन सेवा शुरू की जा रही है। यदि यह योजना सफल होती है तो इसे अन्य बस अड्डों पर भी लागू किया जाएगा।मंत्री अनिल विज ने कहा कि हरियाणा परिवहन को केवल परिवहन ही नहीं बल्कि “परि की बहन” बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि सरकार परिवहन सेवाओं में सुधार के लिए निरंतर कार्य कर रही है और इसमें सामाजिक संगठनों का योगदान भी जरूरी है।

हाईवे पर बनेगा रेस्ट हाउस

मंत्री विज ने कहा कि वाहन चालकों, महिलाओं और यात्रियों की सुविधा के लिए हाईवे पर रेस्ट हाउस बनाने की योजना भी बनाई जा रही है। उनका मानना है कि 80% सड़क दुर्घटनाएं मानवीय चूक के कारण होती हैं, जिसमें वाहन चालकों का अत्यधिक थकान की वजह से सतर्कता खो देना एक मुख्य कारण है। इस समस्या के समाधान के लिए हाईवे पर आराम और रिफ्रेशमेंट के लिए रेस्ट हाउस बनाए जाएंगे।

Advertisement

आस्था फाउंडेशन को मिला पांच लाख का सहयोग

अंबाला छावनी बस स्टैंड पर आयोजित कार्यक्रम में परिवहन मंत्री अनिल विज ने आस्था फाउंडेशन द्वारा शुरू की गई इस भोजन सेवा की सराहना की और अपने स्वैच्छिक कोष से संस्था को पांच लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह भोजन सेवा सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक उपलब्ध होगी और इससे यात्रियों, बस स्टाफ और रैन बसेरों में ठहरने वाले लोगों को लाभ मिलेगा।

बसों के लिए ट्रैकिंग ऐप होगी लॉन्च

परिवहन मंत्री ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए एक ट्रैकिंग ऐप भी विकसित किया जा रहा है, जिससे यात्री यह जान सकेंगे कि उनकी बस कहां है और कितनी देर में पहुंचेगी। यह ऐप यात्रियों के मोबाइल पर उपलब्ध होगी और बसों की सटीक जानकारी देगी।
सरकार नई एसी और इलेक्ट्रिक बसों की खरीद की योजना भी बना रही है। अंबाला में पहले से ही पांच इलेक्ट्रिक बसें संचालित की जा रही हैं, और जल्द ही अन्य बसें भी शुरू की जाएंगी। मंत्री विज ने सामाजिक संगठनों से अपील की कि वे आगे आकर इस तरह की भोजन सेवाएं अन्य शहरों में भी शुरू करें। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार हर अच्छे काम में सहयोग देने के लिए तैयार है।