




Anil Vij: हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने बताया कि हरियाणा और राजस्थान रोडवेज के बीच जो चालान को लेकर विवाद था, वह अब सुलझ चुका है। उन्होंने कहा कि यह मामला थोड़ा बढ़ गया था, लेकिन अधिकारियों से बातचीत करके इसे हल कर लिया गया है। विज ने अंबाला छावनी बस स्टैंड पर 93 लाख रुपए की मरम्मत के लिए प्रशासनिक मंजूरी भी दी है। इससे बस स्टैंड की स्थिति बेहतर होगी और यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
आम आदमी पार्टी (आप) के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल विज ने कहा कि यह पार्टी केवल दूसरों पर आरोप लगाने में व्यस्त है। उन्होंने कहा, “ये लोग घर बैठे-बैठे गुब्बारे छोड़ते रहते हैं। अगर केजरीवाल को कुछ होता है, तो भाजपा को जिम्मेदार ठहराते हैं। पहले तो कोई कारण बताएं, फिर हम जवाब देंगे।”
विज ने आगे कहा कि आप पार्टी की सरकार को दिल्ली में 10 साल हो गए हैं, लेकिन यमुना क्यों साफ नहीं हुई? उन्होंने कहा, “दिल्ली में जितनी गंदगी है, उसका जिम्मेदार कौन है? यमुना का पानी हरियाणा से आता है। उसका बीओडी चेक कर लो, फिर पता चलेगा कि गंदगी कौन फैला रहा है। अब दिल्ली वालों की गंदगी हम साफ नहीं करेंगे।”
इसके अलावा, अनिल विज ने अपने आवास पर जनसमस्याएं सुनीं। एक महिला ने अपने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाया, जिसे मंत्री ने पुलिस को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। एक युवक ने सेना में भर्ती के नाम पर ठगी का मामला भी उठाया, जिस पर विज ने पुलिस को उचित कार्रवाई का निर्देश दिया।
Festive Season: रेलवे स्टेशन पर बढ़ी भीड़ और अव्यवस्थाएं, नहीं मिली यात्रियो को राहत




