




Inkhabar Haryana, Anil Vij: हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज अपने बेबाक और अलग अंदाज के लिए जाने जाते हैं। हरियाणा सिविल सचिवालय में कुछ ऐसा हुआ, जिसने वहां मौजूद सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का ध्यान आकर्षित कर लिया।
विज जब एक फाइल पर साइन कर रहे थे, तभी उन्होंने सनी देओल की सुपरहिट फिल्म “गदर” का मशहूर गाना मैं निकला, गड्डी लेके, इक मोड़ आया, मैं उत्थे दिल छोड़ आया… गाना शुरू कर दिया। गाना गाते हुए विज अपनी कुर्सी पर झूमते नजर आए, और उनके चेहरे पर एक अलग ही उत्साह दिखाई दिया। उनके इस अंदाज ने वहां मौजूद लोगों को भी मुस्कुराने पर मजबूर कर दिया।
गाना खत्म करने के बाद अनिल विज ने एक गहरी बात कह दी। उन्होंने कहा कि जितनी जिंदगी मिली है, उतनी जीनी तो पड़ेगी। चाहे इसे हंसकर जियो, चाहे रोकर। हम हंसकर जीते हैं। परिवहन मंत्री यहीं नहीं रुके। उन्होंने इसके बाद एक देशभक्ति गीत भी गाया, जिससे माहौल और भी जोश से भर गया। उनके इस अंदाज को देखकर सचिवालय में मौजूद लोग हैरान भी हुए और खुश भी।




