




Inkhabar Haryana, Anil Vij: हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज के गुरुग्राम बस अड्डे पर किए गए औचक निरीक्षण का प्रभाव गुरुवार को स्पष्ट रूप से नजर आया। बस अड्डे पर व्यवस्था, सफाई और अनुशासन में सुधार दिखाई दिया, जो उनके निरीक्षण के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों की तत्परता को दर्शाता है।
गुरुग्राम रोडवेज के महाप्रबंधक प्रदीप कुमार ने आज बस अड्डे की सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखते हुए कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की। उन्होंने एक कर्मचारी को खाली बैठा देख सख्ती बरतते हुए उसकी अनुपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, उन्होंने स्वयं सफाई कर्मचारियों से गंदगी साफ करवाई और यह सुनिश्चित किया कि बस अड्डे पर हर कोना साफ-सुथरा हो।
महाप्रबंधक ने परिवहन मंत्री के निर्देशों का पालन करते हुए परिसर में पानी का छिड़काव करवाया, ताकि धूल-मिट्टी पर नियंत्रण रखा जा सके।
परिवहन मंत्री के निर्देशों के चलते आज बस अड्डे पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं देखा गया। पुलिसकर्मी बसों को आने-जाने के रास्ते में खड़ा होने से रोक रहे थे। किसी भी अव्यवस्था को तुरंत ठीक किया जा रहा था, जिससे यातायात सुचारू बना रहे।
बस अड्डे पर पहले की तुलना में साफ-सफाई अधिक दिखाई दी। बसों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा किया गया था, और दुकानों पर सामान भी साफ-सुथरा करके रखा गया था।
बस अड्डे के साथ लगते वर्कशॉप में भी सफाई व्यवस्था बेहतर नजर आई। वहां शौचालयों और परिसर को साफ करने के लिए कर्मचारी तैनात किए गए। शौचालयों को नियमित रूप से साफ किया जा रहा था, जिससे यात्रियों को स्वच्छ वातावरण मिला।




